जम्मू एवं कश्मीर में पथराव, एक की मौत (लीड-1)
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड में काम करने वाले शफीक अहमद शेख घटना के समय बस में यात्रा कर रहे थे। श्रीनगर के बाटमालू इलाके में बस पर हुए पथराव में शफीक की मौत हो गई।
एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "पत्थर से शफीक के सर में चोट लगी। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।"
अलगाववादी नेता गिलानी ने अमीरा कदल इलाके में शुक्रवार को नमाज के बाद रैली निकालने का ऐलान किया था। संगठन के कुछ नेताओं के नेतृत्व में दर्जनों गिलानी समर्थक हमजा मस्जिद से बाहर निकल आए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया तथा आंसू गैस के गोले छोड़े।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक अमीरा कदल इलाके में शुक्रवार को प्रतिबंधों का उल्लंघन कर हुए हिंसात्मक प्रदर्शन के बाद शहर में धारा 144 लागू कर दी गई है।
अधिकारियों ने गिलानी को हैदरपुरा इलाके में उनके घर में ही नजरबंद कर दिया था, लेकिन शुक्रवार सुबह उन्होंने बाहर निकलकर सुरक्षाघेरा तोड़ने की कोशिश की।
एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्हें हिरासत में लेकर हमहामा पुलिस स्टेशन में स्थानांतरित किया गया है।
हुर्रियत समूह के अध्यक्ष मीरवाइज उमर फारुक को भी उनके आवास में ही अधिकारियों ने नजरबंद कर दिया है।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने व्यक्ति की मौत पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि अलगाववादी नेताओं की तरफ से किए गए प्रदर्शन के दौरान ही उक्त व्यक्ति की मौत हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications