मेक्सिको की खाड़ी से रिसा तेल
वाशिंगटन, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। मेक्सिको की खाड़ी स्थित एक तेल कुंए से बड़े पैमाने पर हो रहे तेल रिसाव की पर्त मिसीसिपी नदी के मुहाने तक पहुंच गई है। गुरूवार को अमेरिकी सरकार ने तेल रिसाव से हो रहे भारी नुकसान को रोकने के लिये अधिकारियों को सभी जरूरी उपाय करने के निर्देश दिए हैं।
करीब 5,000 किलोमीटर तक फैल चुकी कच्चे तेल की यह पर्त अनुमान से बहुत ज्यादा तेज़ी से फैल रही है। गुरूवार रात को यह लुइजियाना तट तक पुहंच गई है। कच्चे तेल का इतना बड़ा फैलाव लुइजियाना, मिसीसिपी, अलाबामा और फ्लोरिडा में मत्स्य पालन, वन्यजीव, पक्षी अभयारण्य और पर्यटन क्षेत्र के लिए भारी नुकसान पहुंचा सकता है।
कच्चे तेल का यह रिसाव तेल उत्खनन कंपनी बीपी लिमिटेड द्वारा अपने तेल कुंए में पिछले सप्ताह किए गए विस्फोट के बाद शुरू हुआ था। कंपनी ने यह खुलासा किया है कि तेल का यह रिसाव उसके अनुमान से पांच गुना ज्यादा मात्रा में हो रहा है।
अमेरकिा के राष्ट्रीय समुद्र और वातावरण अनुसंधान संगठन ने कहा था कि तेल की यह पर्त गुरूवार रात तक मिसीसिपी नदी के मुहाने पर लुइजियाना के पास-ए-लर्ट पक्षी अभयारण्य तक पुहंच जाएगी।
गुरूवार को राष्ट्रपति ने कहा, "हालांकि बीपी लिमिटेड तटों को हो रहे नुकसान की भरपाई और सफाई कार्य की वित्तीय क्षतिपूर्ति के लिये जिम्मेदार है लेकिन हमारा प्रशासन समस्या से निपटने के लिए सभी मौजूद संसाधनों का उपयोग करेगा, रक्षा विभाग का उपयोग समस्या से निपटने के लिए किया जा सकता है।"
बीपी लिमिटेड ने कहा कि गुरूवार को तेल का रिसाव बढ़कर 5,000 बैरल प्रतिदिन हो गया, जो हमारे अनुमान से पांच गुना ज्यादा है।
राष्ट्रपति बराक ओबामा ने 31 मार्च को देश की ऊर्जा आवश्यकता को पूरा करने के लिए संरक्षित क्षेत्र के तेल और प्राकृतिक गैस स्रोतों से उत्पादन शुरू करने की बात कही थी लेकिन इस तेल रिसाव ने उनकी योजना को संकट में डाल दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications