अंबेडकर मामले पर राज्यसभा में हंगामा, कार्यवाही बाधित
कांग्रेस के प्रवीण राष्ट्रपाल ने शून्य काल के दौरान यह मुद्दा उठाना चाहा। उन्होंने कहा कि मोदी ने अंडेकर के विरुद्ध 'अनुचित' टिप्पणी की है। परंतु उप सभापति के. रहमान खान ने उन्हें बोलने से रोक दिया।
राष्ट्रपाल ने कहा, "महोदय, मुझे बोलने से कैसे रोका जा सकता है? आज बोलने वाले सदस्यों की सूची में मेरा नाम दूसरे स्थान पर है।"
इस पर खान ने कहा कि सभापति ने इसकी इजाजत नहीं दी है। इसके बाद राष्ट्रपाल पीठासीन अधिकारी के आसन की ओर बढ़ गए। केंद्रीय संसदीय कार्य राज्य मंत्री पृथ्वीराज चव्हाण भी सभापति के आसन के निकट पहुंच गए।
इसके बाद खान ने सदन की कार्यवाही 12.30 बजे तक स्थगित कर दी। कार्यवाही दोबारा आरंभ होने पर राष्ट्रपाल ने अपना विरोध जारी रखा। फिर सदन की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित कर दी गई।
उल्लेखनीय है कि अहमदाबाद में सोमवार को अपनी एक पुस्तक के लोकार्पण के समय दिए मोदी के बयान से विवाद खड़ा हुआ है। इस मौके पर मोदी ने कथित तौर पर कहा कि अंबेडकर ने इस्लाम और ईसाई धर्म की बजाए बौध धर्म इसलिए अपनाया था, क्योंकि इन दोनों धर्मो की उत्पत्ति भारत में नहीं हुई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications