विश्व के प्रभावशाली लोगों में मनमोहन और तेंदुलकर : टाइम (लीड-1)
वाशिंगटन, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रतिष्ठित पत्रिका 'टाइम' की ओर से तैयार की गई विश्व के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की वार्षिक सूची में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर, और अर्थशास्त्री अमर्त्य सेन, चेतन भगत सहित नौ भारतीय शामिल हैं।
बॉलीवुड अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन '100 एल्युमने सूची' में सबसे ऊपर हैं। प्रभावशाली नेताओं की सूची में मनमोहन 19वें पायदान पर हैं, जबकि सूची में पहला स्थान ब्राजील के राष्ट्रपति लूइज इनासियो लूला डा सिल्वा को प्राप्त हुआ है। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा चौथे स्थान पर हैं।
पत्रिका में मनमोहन के विषय में पेप्सीको की अध्यक्ष इंदिरा नूई ने लिखा है कि वर्ष 1991 से 1996 तक मनमोहन देश के वित्त मंत्री रहे। उन्होंने देश की ताकत को लोगों के लाभ के लिए लगाया। अब प्रधानमंत्री के रूप में वह देश को महान शक्ति बनाने में जुटे हैं।
पत्रिका के 25 'नायकों' की सूची में महान क्रिकेट खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर 13वें स्थान पर हैं। इस सूची में पहले स्थान पर अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन हैं।
तेंदुलकर के विषय में प्रसिद्ध विद्वान दीपक चोपड़ा ने कहा कि इस महान खिलाड़ी के विश्व भर में करोड़ों प्रशंसक हैं। 'नायकों' की सूची में प्रसिद्ध चिकित्सक डॉक्टर पेरुमलसामी नापुरुमलसामी (70 वर्ष) भी शामिल हैं।
भारतीय उद्यमी किरण मजूमदार शॉ को भी 'नायकों' की सूची में शामिल किया गया है। हैती में भूकंप पीड़ितों की सहायता करने के लिए टोरंटो के राहुल सिंह को 'नायकों' की सूची में 22वें पायदान पर जगह मिली है।
कलाकारों की सूची में एकमात्र भारतीय चेतन भगत को जगह मिली है। चर्चित लेखक चेतन के संबंध में मशहूर संगीतकार ए.आर.रहमान ने लिखा, "मैंने पाठकों पर चेतन का प्रभाव देखा है।"
पत्रिका के 'विचारकों' की सूची में प्रसिद्ध अर्थशास्त्री अमर्त्य सेन को 20वें पायदान पर शामिल किया गया है। सेन के अलावा जिन भारतीयों को प्रभावशाली लोगों की सूची में शामिल किया गया है, उनमें हावर्ड विश्वविद्यालय के प्रोफेसर अतुल गावांडे और संजीत बुंकर रॉय शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications