विश्व बैंक में भारत की साख बढ़ेगी

वाशिंगटन। विश्व बैंक द्वारा लिए गए एक ऐतिहासिक निर्णय से भारत और दूसरे विकासशील देशों को अब ज्यादा ऋण और विश्व बैंक में ज्यादा हिस्सेदारी रखने का अधिकार मिल जाएगा। भारतीय आधिकारियों के मुताबिक विश्व बैंक ने एक नीतिगत निर्णय के जरिए अपनी वित्तीय क्षमता में बढ़ोतरी करके विकासशील देशों को ज्यादा लाभ देने का फैसला किया है।

महत्वपूर्ण हिस्सेदार भारत

यहां रविवार को विश्व बैंक की विकास समिति की बैठक में हुए इस फैसले से भारत विश्व बैंक के महत्वपूर्ण हिस्सेदारों में शामिल हो जाएगा। साथ ही विश्व बैंक में भारत का वोट वैल्यू बढ़कर रूस, कनाडा, आस्ट्रेलिया, इटली और सऊदी अरब से ज्यादा हो जाएगा। इसके चलते भारत विश्व बैंक के सदस्य देशों में सातवां सबसे ज्यादा वोट वैल्यू वाला देश बन जाएगा।

विश्व बैंक में भारत का वोट वैल्यू जो कि 1970 के बाद से लगातार घट रहा था अब 2.79 फीसदी से बढ़कर 2.91 फीसदी हो गया है। पिछले 40 सालों में यह पहली बार हुआ है जब भारत के वोट वैल्यू में बढ़ोतरी हुई है, जबकि इस दौरान चीन का वोट वैल्यू 2.77 फीसदी से बढ़कर 4.42 फीसदी हो चुका है।

फैसले की वजह

अधिकारियों का कहना है कि पिछले 10 सालों में भारत की आर्थिक तरक्की और विश्व अर्थव्यवस्था में भारत के बढ़ते प्रभाव के चलते यह बदलाव हुआ है। विकासशील देशों को कुल वोट वैल्यू का 3 फीसदी हिस्सा हस्तांतरित करने से अब विकासशील देशों का हिस्सा बढ़कर 47 फीसदी पर पहुंच गया है। यह बदलाव विश्व अर्थव्यवस्था में हो रहे बदलावों को भी प्रदर्शित करता है।

इस निर्णय से ब्राजील, इंडोनेशिया, मैक्सिको और तुर्की का वोट वैल्यू भी विश्व बैंक में बढ़ा है, जबकि कुछ बड़े यूरोपीय देशों और पारंपरिक रूप से वित्तीय मामलों में प्रभुत्व रखने वाले देशों जैसे यूके, फ्रांस, जर्मनी, जापान, आस्ट्रेलिया और कनाडा का वोट वैल्यू घटा है। साथ ही बैंक ने सदस्यों की हिस्सेदारी की स्थिति पर पांच साल में पुनर्विचार करने की स्वीकृति दी है।

इस कारण अगले सालों में भारत में होने वाले विकास का फायदा उसे विश्व बैंक में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने में भी मिलेगा। इसके अलावा विकास समिति ने पूंजी निर्माण के जरिए बैंक का पूंजी आधार बढ़ाने की स्वीकृति भी दी है, पिछले 30 सालों में पहली बार ऐसा किया जा रहा है। इस बढ़ोतरी से बैंक की कुल पूंजी करीब 6 फीसदी बढ़कर 58 अरब डॉलर हो जाएगी।

सबसे बड़े ऋण ग्राहकों में भारत

सबसे बड़े ऋण ग्राहकों में से एक होने से भारत विश्व बैंक से अतिरिक्त सहायता भी प्राप्त कर सकता है। बैंक की क्षमता में बढ़ोतरी के चलते भारत अगले कुछ सालों में 7-10 अरब डॉलर की अतिरिक्त सहायता प्राप्त कर सकेगा।

इस निर्णय पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए केंद्रीय वित्त सचिव अशोक चावला ने कहा "यह बदलाव परिवर्तन का प्रतीक है और इससे विश्व बैंक को वैश्विक अर्थतंत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने में मदद मिलेगी"

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+