IPS Vinayak Bhonsle: कौन हैं IPS विनायक गोपाल भोंसले? गैंगस्टरों को घर में घुस के दी चेतावनी, वीडियो वायरल
IPS Vinayak Gopal Bhonsle: मेरठ में बकरीद से पहले निकाले गए पुलिस फ्लैग मार्च का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में भारी पुलिस फोर्स के बीच एक आईपीएस अफसर गैंगस्टर के घर पहुंचकर सख्त अंदाज में चेतावनी देते नजर आ रहे हैं। उनका साफ कहना था कि अगर किसी ने शहर का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की तो ऐसी कार्रवाई होगी जिसे लोग लंबे समय तक याद रखेंगे।
यह अफसर मेरठ के एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोग उनके बारे में जानने की कोशिश कर रहे हैं। कोई उन्हें सख्त पुलिस अधिकारी बता रहा है तो कोई उनके शांत और संवेदनशील व्यवहार की तारीफ कर रहा है। कानून व्यवस्था को लेकर उनका यह अंदाज अब पूरे उत्तर प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया है।

कौन हैं IPS विनायक गोपाल भोंसले?
विनायक गोपाल भोंसले 2022 बैच के आईपीएस अफसर हैं। वह महाराष्ट्र के पुणे के रहने वाले हैं। पढ़ाई के समय से ही उनकी रुचि प्रशासन और समाज से जुड़े मुद्दों में रही। उन्होंने पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन और पॉलिटिकल साइंस में बीए की पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने यूपीएससी की तैयारी शुरू की और भारतीय पुलिस सेवा के लिए चुने गए।
यूपी कैडर में मिली तैनाती
आईपीएस बनने के बाद उन्हें उत्तर प्रदेश कैडर मिला। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद उनकी शुरुआती पोस्टिंग यूपी में ही हुई। मेरठ आने से पहले वह सीतापुर में अपर पुलिस अधीक्षक यानी ASP के पद पर तैनात रहे। वहां भी उनके काम करने के तरीके की चर्चा होती रही थी। अधिकारियों के बीच उन्हें अनुशासित और तेज फैसले लेने वाला अफसर माना जाता है।
मेरठ में संभाल रहे बड़ी जिम्मेदारी
फिलहाल विनायक गोपाल भोंसले मेरठ में एसपी सिटी के पद पर तैनात हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश को कानून व्यवस्था के लिहाज से काफी संवेदनशील माना जाता है। ऐसे इलाके में अपराध नियंत्रण और शांति बनाए रखना बड़ी चुनौती माना जाता है। हाल के दिनों में मेरठ में अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई और फ्लैग मार्च के कारण उनका नाम लगातार चर्चा में बना हुआ है।
गैंगस्टर के घर पहुंचे IPS अफसर
बकरीद को लेकर मेरठ पुलिस पहले से अलर्ट पर थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि नमाज के बाद कुछ लोग माहौल खराब करने की कोशिश कर सकते हैं। इसके बाद पुलिस ने ऐसे लोगों की सूची तैयार की जिनका नाम पहले भी अशांति फैलाने के मामलों में सामने आ चुका था।
इसी अभियान के दौरान एसपी सिटी विनायक भोंसले भारी पुलिस बल के साथ गैंगस्टर सलमान के घर पहुंचे। उस समय सलमान घर पर नहीं मिला, लेकिन अफसर ने उसके परिवार और भाई को साफ चेतावनी दी। वायरल वीडियो में वह कहते नजर आए कि अपने भाई को समझा देना, अगर शहर का माहौल खराब करने की कोशिश हुई तो किसी को छोड़ा नहीं जाएगा।
'कोठी भी कुर्क कर दी जाएगी'
वीडियो में आईपीएस अफसर का काफी सख्त अंदाज दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि अपराध के दम पर बनाई गई आलीशान संपत्ति भी कुर्क की जा सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि कानून सबका हिसाब करता है और कोई भी व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं है।
एक अन्य वीडियो में वह परिवार से कहते दिखे कि इतनी बड़ी पुलिस फोर्स किसी स्वागत के लिए नहीं आई है, बल्कि कानून का संदेश देने आई है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किसी ने अपने लोगों के जरिए माहौल बिगाड़ने की कोशिश की तो गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई होगी, आर्थिक दंड लगाया जाएगा और जेल तक भेजा जा सकता है।
सोशल मीडिया पर बढ़ी चर्चा
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग विनायक भोंसले की जमकर चर्चा कर रहे हैं। कई यूजर्स ने उनके सख्त रवैये को कानून व्यवस्था के लिए जरूरी बताया। वहीं कुछ लोगों ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई होनी चाहिए ताकि लोगों में डर बना रहे।
हालांकि यह पहला मौका नहीं है जब उनका वीडियो चर्चा में आया हो। इससे पहले भी उनके कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं।
महिलाओं से बोले थे- मैं आपका विनायक भैया हूं
कुछ समय पहले मेरठ के सेंट्रल मार्केट में महिलाएं धरने पर बैठी थीं। उस दौरान विनायक भोंसले खुद मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने महिलाओं से शांत तरीके से बात की और भरोसा दिलाया कि पुलिस उनके साथ खड़ी है। उस समय उन्होंने कहा था, "मैं आपका विनायक भैया हूं।" उनके इस व्यवहार की लोगों ने काफी तारीफ की थी।
बच्चियों के साथ दिखा संवेदनशील चेहरा
एक और वायरल वीडियो में वह हत्या की शिकार एक महिला की दो छोटी बच्चियों से बात करते नजर आए थे। उन्होंने बच्चियों को दुलारा, उनकी पढ़ाई के बारे में पूछा और उनका हालचाल जाना। सोशल मीडिया पर लोगों ने कहा कि एक पुलिस अधिकारी में सख्ती के साथ इंसानियत भी होनी चाहिए और विनायक भोंसले में दोनों चीजें दिखाई देती हैं।
बकरीद से पहले क्यों बढ़ाई गई निगरानी?
पुलिस सूत्रों के अनुसार बकरीद की नमाज के बाद कुछ लोगों द्वारा दूसरे देशों के झंडे और नारेबाजी के जरिए माहौल बिगाड़ने की आशंका थी। इसी इनपुट के बाद पुलिस ने पुराने उपद्रवियों और गैंगस्टरों पर नजर रखनी शुरू कर दी थी। अभियान के तहत कई संदिग्ध लोगों को सीधे चेतावनी दी गई और शहर में लगातार फ्लैग मार्च किया गया।












Click it and Unblock the Notifications