श्रीलंका में नए मंत्रिमंडल का गठन
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे ने रक्षा और वित्त जैसे महत्वपूर्ण विभागों को अपने पास रखा है। इसके अलावा उन्होंने 37 को कैबिनेट मंत्री तथा अन्य 39 को उप मंत्री बनाया है।
संवैधानिक मामलों के पूर्व मंत्री प्रोफेसर जी.एल.पीरिस को विदेश मंत्री बनाया गया है। पीरिस ने वर्ष 2001 में तत्कालीन सरकार के दौरान नार्वे समर्थित शांति प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
यद्यपि राजपक्षे ने वित्त मंत्रालय अपने पास रखा है, लेकिन उन्होंने अपने भाई बासिल राजपक्षे को आर्थिक विकास मंत्री बनाया है। बासिल राजपक्षे को तमिल विद्रोहियों के साथ पिछले वर्ष समाप्त हुए युद्ध के बाद भविष्य के विकास कार्यो का अधिकार दिया गया है।
राजपक्षे के बड़े भाई चामल राजपक्षे को संसद का सभापति बनाया गया है। जबकि राष्ट्रपति के बेटे नामल राजपक्षे ने संसद सदस्य के रूप में शपथ ली है।
पूर्व पौधारोपण मंत्री, डी.एम.जयरत्ने को पहले ही प्रधानमंत्री बनाया जा चुका है, लेकिन उनका पद शोभा मात्र का है, क्योंकि संविधान के अनुसार अधिकांश अधिकार राष्ट्रपति के पास हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications