बीपीएल परिवारों को 2 रुपये किलो गेहूं
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि गेहूं सार्वजनिक वितरण की दुकानों के मार्फत दिया जाएगा। इससे राज्य में कुल 36.57 लाख बीपीएल परिवार लाभान्वित होंगे। इनमें 10.46 लाख परिवार ऐसे हैं जो पहली बार राशन सामग्री का लाभ लेंगे। ये परिवार वर्ष 2002 की चयन सूची में हैं। अभी तक इन्हें बीपीएल परिवारों की सुविधाएं नहीं मिल रही थीं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 1 मई को सभी जिलों में प्रभारी मंत्री इस योजना की शुरुआत करेंगे। इस दिन सभी जन प्रतिनिधियों, जिला कलेक्टर, जिला रसद अधिकारी, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, उपभोक्ता भंडार और सहकारी समितियों के प्रतिनिधियों समेत सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़े सभी लोगों को बुलाकर योजना की जानकारी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी लोगों को निश्चित समय पर राशन सामग्री मिले, यह सुनिश्चित किया जाएगा। प्रत्येक माह की 15 से 21 तारीख के बीच में सरकारी कर्मचारी इस सामग्री का वितरण करवाएं। इससे पहले दुकानदार राशन सामग्री का उठाव करेंगे। बीपीएल परिवारों के लिए राशन कार्ड और कूपन छपवाने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हाल में राज्य विधानसभा में पेश अपने सालाना बजट में इस योजना की घोषणा की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications