यौन उत्पीड़न मामले में पोप पर मुकदमा
सेंट पॉल (अमेरिका), 23 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका में एक कैथोलिक पादरी द्वारा यौन उत्पीड़न का शिकार बने एक व्यक्ति ने पोप बेनेडिक्ट 16वें और वेटिकन सिटी के अन्य शीर्ष पदस्थ लोगों पर मुकदमा दायर किया है। पादरी पर आरोप है कि उसने दशकों तक सैकड़ों बच्चों का यौन उत्पीड़न किया।
समाचार एजेंसी एकेआई के अनुसार पीड़ित के एक वकील ने बताया कि आरोपी पादरी का अधिकार छीनने में असफल रहने के कारण पोप और उनके दो करीबी सहयोगियों टार्कीसियो बटरेन और एंग्लो सोडानो के खिलाफ मुकदमा दायर किया गया है।
वकील जेफ एंडरसन ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उनके मुवक्किल ने पादरी लॉरेंस मर्फी के अधिकार छीनने में असफल रहने के कारण तीन लोगों के खिलाफ एक मुकदमा दायर किया।
मर्फी पर आरोप है कि उन्होंने 1950 से 1974 के बीच विस्कोनसिन स्कूल के करीब 200 बहरे बच्चों का यौन उत्पीड़न किया। बच्चों के साथ यौन उत्पीड़न का दोषी पाए जाने पर उन्हें वहां से निकाल दिया गया। इसके बाद उनकी मौत हो गई।
एंडरसन ने कहा कि 1995 में पीड़ित ने वेटिकन से गुहार की थी कि मर्फी से उनके अधिकार छीने जाएं लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
वेटिकन की कोशिश उत्तरी अमेरिका और यूरोप में पिछले 60 सालों के दौरान पादरियों द्वारा हजारों बच्चों के साथ यौन उत्पीड़न की शिकायतों से धूमिल हुई छवि की भरपाई करने की है।
मध्य लंदन स्थित वेस्टमिंस्टर के आर्कबिशप विनसेट निकोलस ने गुरुवार को बच्चों के साथ यौन उत्पीड़न के मामलों पर लोगों से माफी मांगी और कहा कि यह सभी चर्चो के लिए शर्म का विषय है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications