एयर इंडिया ने विमान का रास्ता बदले जाने को जायज ठहराया
एयर इंडिया के प्रबंध निदेशक ने अपने बयान में कहा, "यह पूरी तरह वाणिज्यिक फैसला था। चार्टर्ड विमानों से विमानन कंपनी को अच्छी कमाई होती है। हम उड़ानों को अपनी जरूरतों के हिसाब से बदलते रहते हैं। आईपीएल शुरुआत से ही हमारी सेवाएं ले रहा है।"
प्रबंध निदेशक का यह बयान मीडिया में प्रकाशित उस रिपोर्ट के जवाब में आया है, जिसमें कहा जा रहा है कि आईपीएल के लिए काम करने वाली पटेल की बेटी ने एयर इंडिया उड़ान-आईसी 7603 को 20 अप्रैल को 12 घंटे तक अपनी मर्जी के अनुसार चलाया क्योंकि वह आईपीएल के कुछ खिलाड़ियों के साथ उसमें सवार होना चाहती थीं।
पूर्णा और खिलाड़ियों को उस उड़ान से चण्डीगढ़ से चेन्नई जाना था और यही कारण है कि अपने हितों के लिए उन्होंने इस विमान का रास्ता बदलने का फैसला किया था।
दूसरी ओर, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) का कहना है कि किसी उड़ान को चार्टर्ड का दर्जा तभी दिया जा सकता है जब उसका उपयोग नियमित उड़ान के लिए न किया जा रहा हो।
डीजीसीए के एक अधिकारी ने कहा, "नियमित यात्री विमान को चार्टर्ड के रूप में उपयोग में लाते हुए उसके मार्ग में परिवर्तन करने की इजाजत नहीं होती है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications