हिमपात ने बढ़ाया हिमाचल का आकर्षण
शिमला के पर्यटन उद्योग के प्रतिनिधियों के मुताबिक राज्य के विभिन्न हिस्सों में हाल में हुई बर्फबारी और बारिश के बाद पर्यटकों के आगमन में अचानक तेजी देखी जा रही है।
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास कारपोरेशन (एचपीटीडीसी) के महाप्रबंधक योगेश बहल ने कहा, "राज्य के महत्वपूर्ण पर्यटनस्थलों पर पर्यटकों के आगमन में अचानक तेजी देखी जा रही है। यह केवल पहाड़ों पर गर्मी कम होने की वजह से हो रहा है।"
शिमला के मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य के मशहूर पर्यटनस्थलों शिमला, नरकांडा, कुफरी, कसौली, धर्मशाला, मक्लियोडगंज, संगला, मनाली और चांबा में इस समय मौसम काफी सुहावना बना हुआ है।
उन्होंने बताया कि राज्य के ऊंचाई और मध्य इलाकों में शनिवार और रविवार को हिमपात और बारिश हो सकती है।
मनाली के जिला पर्यटन विकास अधिकारी राजेश्वर ने बताया कि सप्ताहांत के लिए मनाली के सभी होटलों में बुकिंग हो चुकी है। मनाली में शनिवार और रविवार को लगभग 20,000 पर्यटकों के आने की संभावना है।
लाहौल और स्पीती के मुख्यालय केयलांग में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि किन्नौर जिले में 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है। यहां का अधिकतम तापमान 13 डिग्री और 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications