नलिनी के खिलाफ हो सकती है कार्रवाई
इस मामले में नलिनी को वेल्लोर जेल से दूसरे जेल में स्थानांतरित किया जा सकता है, साथ ही उसकी कैदी श्रेणी भी ए वर्ग से घटाकर बी वर्ग किया जा सकता है।
सहायक पुलिस महानिदेशक और कारावास महानिरीक्षक के.आर.श्यामसुंदर ने आईएएनएस से कहा, "हमें इस संबंध में फिलहाल कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। रिपोर्ट मिलने के बाद हम उचित कार्रवाई करेंगे।"
श्यामसुंदर ने कहा कि नलिनी की कोठरी से मोबाइल मिलने की घटना की जांच जारी है और वह अटकलों के आधार पर बयान नहीं देंगे।
वेल्लोर जेल प्रशासन ने नलिनी की कोठरी से बरामद मोबाइल और सिम कार्ड को जांच के लिए भेज दिया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इससे कहां-कहां बात हुई थी। वैसे जेल प्रशासन ने बैटरी चार्जर बरामद नहीं किया है। कारावास विभाग की सतर्कता टीम मामले की जांच कर रही है।
यह घटना नलिनी के लिए एक झटका साबित हो सकती है। नलिनी अपनी उम्र कैद की सजा पूरी करने से पहले ही जेल से छूटना चाहती हैं। उसने तमिलनाडु सरकार से इस संबंध में अपील की थी लेकिन इसे अस्वीकृत कर दिया गया था। इसके बाद उसने मद्रास उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications