पोलैंड के राष्ट्रपति समेत कई अधिकारियों की मौत

रूस में हुई एक विमान दुर्घटना में पोलैंड के राष्ट्रपति लेह केचिंसकी समेत वहाँ के कई बड़े सैन्य और प्राशनिक अधिकारियों की मौत हो गई है.
पोलिश और रूसी अधिकारियों का कहना है कि विमान में मौजूद कोई भी व्यक्ति ज़िंदा नहीं बचा है. माना जा रहा है कि घने कोहरे के बीच जब विमान स्मोलेंस्क हवाईअड्डे की ओर आ रहा थो वो कुछ पेड़ों से जा टकराया.
दुर्घटना में पोलैंड के राष्ट्रपति की पत्नी, सेना अध्यक्ष, केंद्रीय बैंक के गर्वनर, कई सांसदों और इतिहासकारों की मौत हो गई.
ये लोग कटिन संहार की 70वीं बरसी के मौक़े पर आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए रूस में थे. 70 साल पहले स्टालिन के निर्देशों पर
सोवियत सेना ने हज़ारों पोलिश नागरिकों की हत्या कर दी थी.
रूस में आपात मामलों से जुड़े मंत्रालय ने बताया है कि दुर्घटना मॉस्को के हिसाब से 1056 पर हुई.
स्मोलेंस्क के क्षेत्रीय गर्वनर सर्गई अंतुफ़ेव ने रूसी टीवी को बताया, “विमान उतरने की तैयारी कर रहा था लेकिन लैंडिंग स्ट्रिप पर उतर ही नहीं पाया. शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक विमान कुछ पेड़ों के बीच फँस गया, फिर नीचे गिरा और टुकड़े-टुकड़े हो गया. कोई ज़िंदा नहीं बचा.”
राष्ट्रीय त्रासदी
पोलैंड के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने भी कहा है कि ये माना जा सकता है कि कोई ज़िंदा नहीं बच पाया है.
ये पूरी तरह से स्पष्ट नहीं है कि विमान में कितने लोग थे. पोलिश अधिकारियों के मुताबिक प्रतिनिधिमंडल में 88 लोग थे जबकि रूसी जाँचकर्ताओं ने कहा है कि 132 लोग थे.
स्मोलेंस्क की क्षेत्रीय सरकार के प्रवक्ता ने कारणों के बारे में कहा है, “पायलट को हिदायत दी गई थी कि वो विमान मिंस्क में उतारे लेकिन उसने स्मोलेंस्क में उताराने का फ़ैसला किया.”
पोलैंड के राष्ट्रपति तुपोलोफ़ 154 में जा रहे थे- ये सोवियत दौर का विमान है जो 20 साल पुराना था.
पोलैंड में बीबीसी संवादादाता एडम इस्टन का कहना है कि ये दुर्घटना पोलिश जनता के लिए एक बड़ी त्रासदी है.
संवाददाता के मुताबिक जब पोलैंड के प्रधानमंत्री डॉनल्ड टस्क को दुर्घटना के बारे में बताया गया तो उनकी आँखों में आँसू थे. प्रधानमंत्री ने मंत्रियों ने आपात बैठक बुलाई है.
पोलैंड में सरकारी प्रवक्ता का कहना है कि संविधान के मुताबिक अब राष्ट्रपति चुनाव करवाना होगा और तब तक नीचले सदन के स्पीकर कार्यवाहक राष्ट्रपति बनेंगे.
अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया
इस दुखद घटना पर विश्व के कई नेताओं ने अपनी संवेदना प्रकट की है.
रूस के राष्ट्रपति दिमित्रि मेदवेदेव- मैं राष्ट्रपति ने विमान दुर्घटना के बाद पोलैंड के लोगों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूँ. विमान दुर्घटना की जाँच करवाई जाएगी.
जर्मनी की चांसलर एंगेला मर्केल ने कहा है कि उन्हें इस घटना से गहरा धक्का लगा है.
पोलैंड के प्रधानमंत्री डॉनल्ड टस्क-युद्ध के बाद पोलैंड के इतिहास की ये सबसे दुखद घटना है.
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री गॉर्डन ब्राउन- इस दुर्घटना से मुझे बहुत दुख पहुँचा है. राष्ट्रपति केचिंसकी पोलैंड के आधुनिक राजनीतिक इतिहास की एक अहम हस्ती थे.












Click it and Unblock the Notifications