सेना के हथियार डिपो में भीषण आग

पश्चिम बंगाल में बर्धवान ज़िले के पानागढ़ सैन्य हथियार डिपो में शुक्रवार सुबह भीषण आग लग गई.
आग में छोटे हथियारों और गोला बारूद से भरा एक स्टोर रूम पूरी तरह जल कर खाक हो गया.
पूर्वी कमान के विंग कमांडर एम उपासने ने बताया, "सबसे पहले तड़के डेढ़ बजे शेड नंबर 16 में आग लगी. पाँच मिनट के भीतर ही सेना के अग्निशमन दस्ते ने अपना काम शुरू कर दिया."
इस दस्ते ने दो घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाने में सफलता हासिल की लेकिन तब तक शेड नंबर-16 पूरी तरह जल चुका था और इसमें रखे हथियार और गोला बारूद नष्ट हो चुके थे.
हालाँकि किसी व्यक्ति के हताहत होने की ख़बर नहीं है.
विंग कमांडर उपासने ने बताया कि कर्नल एडी सेठी की अगुआई में सेना की आपदा प्रबंधन टीम ने मौके पर पहुँच कर कुशलता के साथ कार्रवाई की जिससे बड़ा नुकसान नहीं हुआ.
आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है.












Click it and Unblock the Notifications