'बाबरी विध्वंस के दिन खुश थे आडवाणी'

यह बयान उत्तर प्रदेश की आईपीएल अधिकारी अंजू गुप्ता, जो उस समय अयोध्या में सहायक पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थीं, ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की विशेष अदालत में दिया है। अंजू गुप्ता ने कहा, "आडवाणी न केवल खुश दिख रहे थे, बल्कि उन्होंने भारी भीड़ के सामने ऐलान भी किया था, कि विवादित स्थल पर राम मंदिर का निर्माण करवाया जाएगा।"
इस समय देश की मुख्य खुफिया एजेंसी रॉ में पुलिस उपमहानिरीक्षक के रूप में कार्यरत गुप्ता ने आगे कहा कि "आडवाणी ने उस दौरान भड़काऊ भाषण भी दिया था, जिसके लिए पार्टी के सहयोगियों और भीड़ ने उनकी प्रशंसा की थी। उस दौरान मंच पर आडवाणी के साथ करीब 100 लोग मौजूद थे। इनमें मुरली मनोहर जोशी, विनय कटियार, उमा भारती, साध्वी ऋतंभरा, अशोक सिंघल, एससी दीक्षित शामिल थे।"
पूरे दावे के साथ गुप्ता ने कहा कि मंच पर मौजूद करीब 80 लोगों का चेहरा वह आज भी पहचान सकती हैं। बाबरी विध्वंस के दिन उन्होंने क्या देखा इस बारे में अदालत को बताते हुए गुप्ता ने कहा कि भीड़ में काफी उत्साह था, और ढांचे के ढह जाने के बाद मिठाइयां बांटी गई थी।
इससे पहले सीबीआई की विशेष अदालत ने आडवाणी के खिलाफ आरोपों को खारिज करते हुए कहा था, कि उन पर लगाए गए आरोप केवल संदेह पर आधारित हैं। इसके बाद इलाहाबाद उच्च न्यायालय के निर्देश पर सीबीआई ने आडवाणी के खिलाफ धारा 120 बी के तहत आपराधिक षड्यंत्र रचने के गंभीर मामले को वापस ले लिया था।












Click it and Unblock the Notifications