अमेरिका के साथ गठजोड़ गलत : माकपा (लीड-1)
नई दिल्ली, 26 मार्च (आईएएनएस)। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने शुक्रवार को अमेरिका के साथ सरकार के गठजोड़ पर हमला किया। माकपा ने नई दिल्ली के हितों की कीमत पर अफगानिस्तान में तालिबान के साथ अमेरिका की बातचीत के निर्णय की निंदा की।
माकपा की पोलित ब्यूरो की गुरुवार को यहां संपन्न हुई बैठक के बाद पार्टी की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है, "इससे सरकार की विदेश नीति का खोखलापन और मनमोहन सिंह सरकार के अमेरिका के साथ रणनीतिक गठजोड़ की प्रतिकूल प्रकृति उजागर हो गई है।"
बयान में कहा गया है, "भारत सरकार द्वारा बार-बार यह कहे जाने के बावजूद कि अमेरिका को तालिबान के खिलाफ लड़ाई में बने रहना चाहिए, अमेरिका और राष्ट्रपति हामिद करजई तालिबान के एक वर्ग के साथ बातचीत की ओर कदम बढ़ा रहे हैं। ऐसा अमेरिकी-नाटो बलों की जल्द वापसी सुनिश्चित कराने के लिए किया जा रहा है।"
बयान में कहा गया है, "पाकिस्तान भविष्य के किसी भी समझौते के लिए केंद्र में आ गया है, जिसकी खुफिया एजेंसी आईएसआई का तालिबान के साथ करीबी रिश्ता है। जबकि भारत को एक तरह से दरकिनार कर दिया गया है।"
बयान में कहा गया है, "अमेरिका-पाकिस्तान की साझेदारी मजबूत हो रही है। अमेरिका-पाकिस्तान के बीच उच्च स्तरीय बातचीत हाल ही में वाशिंगटन में संपन्न हुई है। अमेरिका, पाकिस्तान के लिए सैन्य सहायता में बढ़ोतरी कर रहा है, जबकि संप्रग (संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन) सरकार को अमेरिका से अरबों डॉलर के हथियार खरीदने पड़ रहे हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications