बाबरी मामले पर फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं : भाजपा
भाजपा प्रवक्ता रामनाथ कोविंद से जब संवाददाताओं ने अयोध्या के तत्कालीन सहायक पुलिस अधीक्षक अंजू गुप्ता द्वारा शुक्रवार को रायबरेली की एक विशेष अदालत में दिए गए बयान के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा, "भाजपा इस पर कोई टिप्पणी नहीं करेगी।"
अंजू गुप्ता ने शुक्रवार की सुबह अदालत के समक्ष कहा कि आडवाणी छह दिसंबर, 1992 को बाबरी मस्जिद ढहाए जाने के ठीक पहले काफी खुश नजर आ रहे थे।
गुप्ता उस समय सहायक पुलिस अधीक्षक के रूप में अयोध्या में तैनात थीं। वह केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की एक विशेष अदालत के समक्ष गवाही दे रही थीं।
गुप्ता ने कहा, "आडवाणी न केवल खुश नजर आ रहे थे, बल्कि उन्होंने छह दिसंबर, 1992 को अयोध्या में जमा भारी भीड़ के समक्ष घोषणा भी की थी कि राम मंदिर अयोध्या में विवादित स्थल पर ही बनेगा।"
गुप्ता ने कहा, "आडवाणी ने भड़काऊ भाषण दिया, जिसका उनकी पार्टी के अन्य सहयोगियों ने और भीड़ ने करतल ध्वनि से स्वागत किया था।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications