दिल्ली वाले शनिवार को एक घंटे रखेंगे बत्ती बंद
'अर्थ ऑवर' नामक इस अभियान की शुरुआत वर्ल्ड वाइड फंड फॉर नेचर (डब्ल्यूडब्ल्यूएफ) नामक संस्था ने की है। इसका उद्देश्य लोगों को जलवायु परिवर्तन के बारे में जागरूक करना है। इस अभियान से यह भी संदेश दिया जा रहा है कि नीति निर्माताओं को इस मुद्दे को अपनी सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल करना चाहिए।
भारत सहित 92 देशों के नागरिक शनिवार रात 8:30 बजे से 9:30 बजे के बीच बत्ती गुल रखेंगे। सभी सरकारी इमारतें, निजी बैंक और आईटीसी के होटलों में एक घंटे के लिए बत्तियां बुझा दी जाएंगी।
राजधानी में काफी सारे लोग बिजली बचाने की इस मुहिम में शामिल होते हुए इस दौरान मोमबत्ती की रोशनी का इस्तेमाल करेंगे।
दिल्ली कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड कॉमर्स की एक छात्रा रुचि सक्सेना कहती हैं, "इस दौरान हमने कैंडललाइट पार्टी आयोजित की है। यह पार्टी हम छत पर करेंगे। इसके लिए हमने अपने दोस्तों को भी बुलाया है।"
सूचना तकनीकी क्षेत्र में काम करने वाले समीर सिंह कहते हैं, "मैंने एसएमएस, ई-मेल और सोशल नेटवर्किं ग वेबसाइटों के माध्यम से अपने दोस्तों से इस अभियान के साथ जुड़ने की अपील की है।"
दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने भी लोगों से इस अभियान में शामिल होने की अपील की है।
उन्होंने कहा, "वर्ष 2009 में जब भारत इस अभियान में शामिल हुआ था तो दिल्ली ने इसकी अगुवाई की। लोगों के प्रयास से दिल्ली ने 750 मेगावाट बिजली की बजत की थी।"
इस मुहिम के ब्रांड एंबेसडर अभिषेक बच्चन लोगों से बिजली बचाने की अपील कर रहे हैं।
भारत में डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि सिंह कहते हैं कि पिछले साल 'अर्थ ऑवर' में 88 देशों के 4,088 शहरों, कस्बों और नगर पालिकाओं के लाखों लोगों ने हिस्सा लिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications