बाबरी विध्वंस के दिन आडवाणी 'खुश' थे : पुलिस अधिकारी
अयोध्या में उस समय सहायक पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात पुलिस अधिकारी अंजू गुप्ता ने शुक्रवार को यहां केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की विशेष अदालत के समक्ष यह बात कही।
उन्होंने कहा, "आडवाणी न केवल खुश दिख रहे थे बल्कि उन्होंने भारी भीड़ के सामने ऐलान भी किया था कि विवादित स्थल पर राम मंदिर का निर्माण करवाया जाएगा।"
गुप्ता ने कहा, "आडवाणी ने भड़काऊ भाषण दिया था जिसके लिए पार्टी के सहयोगियों और भीड़ ने उनकी प्रशंसा की थी।"
उन्होंने कहा, "मंच पर आडवाणी के साथ करीब 100 लोग मौजूद थे। इनमें मुरली मनोहर जोशी, विनय कटियार, उमा भारती, साध्वी ऋतंभरा, अशोक सिंघल, एस. सी. दीक्षित शामिल थे।"
गुप्ता ने कहा कि मंच पर मौजूद करीब 80 लोगों का चेहरा वह आज भी पहचान सकती हैं।
बाबरी विध्वंस के दिन उन्होंने क्या देखा इस बारे में अदालत को बताते हुए गुप्ता ने कहा कि भीड़ में काफी उत्साह था और ढांचे के ढह जाने के बाद मिठाइयां बांटी गई थी।
वर्तमान में देश की बाह्य खुफिया एजेंसी रॉ में पुलिस उपमहानिरीक्षक गुप्ता आज करीब 11 बजे अदालत परिसर पहुंचीं। उनके लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
इससे पहले सीबीआई की विशेष अदालत ने आडवाणी के खिलाफ आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि उनपर लगाए गए आरोप केवल संदेह पर आधारित हैं। इसके बाद इलाहाबाद उच्च न्यायालय के निर्देश पर सीबीआई ने आडवाणी के खिलाफ धारा 120 बी के तहत आपराधिक षड्यंत्र रचने के गंभीर मामले को वापस ले लिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications