पश्चिम सुनेगा महाभारत की कहानी, सुपरमैन के लेखक की जुबानी
वाशिंगटन, 26 मार्च (आईएएनएस)। 'ऑल स्टार सुपरमैन', 'बैटमैन एंड रॉबिन' और 'इनबिजिब्लस' जैसी लोकप्रिय कॉमिक्स के लेखक ग्रांट मॉरिसन की अगली कृति भारतीय महाकाव्य महाभारत पर आधारित होगी।
मॉरिसन की महाभारत पर आधारित पुस्तक अमेरिकी बाजार में अगस्त में दस्तक देगी। पुस्तक का प्रकाशन 'डायनामाइट एंटरटेनमेंट' और 'लिक्विड कॉमिक्स' करेगी।
'ग्रांट मॉरिसनन्स 18 डेज' नामक पुस्तक महाभारत की कहानी पर आधारित होगी, जिसमें तीन पीढ़ियों को महायोद्धाओं की कहानी बताई जाएगी। पुस्तक के प्रकाशक का कहना है कि आगामी किताब लोगों को चेतावनी देगी कि कोई भी युद्ध जिदगी को बदल देता है।
पुस्तक में काल्पनिक महायोद्धाओं की तस्वीरों को भी शामिल किया जाएगा, जिसे भारतीय कलाकार मुकेश सिंह ने तैयार किया है।
आगामी पुस्तक के बारे में मॉरिसन ने कहा कि '18 डेज.' उनकी और मुकेश की मेहनत का नतीजा है। उन्होंने मुकेश की तस्वीरों की प्रशंसा की।
मॉरिसन ने मुकेश की तस्वीरों की तारीफ करते हुए कहा, "मुकेश ने वैदिक काल के महानायकों की तस्वीरें समकालीन पृष्ठभूमि के अनुरूप तैयार की है। यह विश्व की महान कहानियों में से एक कहानी पर आधारित है।"
प्रकाशन कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शरद देवरंजन ने कहा कि मॉरिसन की पुस्तक पाठकों को पूरब की कहानी सुनाएगी।
मॉरिसन की आगामी पुस्तक को एनिमेशन के रूप में भी पेश करने की योजना है। इसके लिए लिक्विड और पर्सपेक्टिव स्टुडियोज काम कर रहे हैं।
मॉरिसन की कहानी को ध्यान में रखकर पर्सपेक्टिव स्टुडियोज एनिमेशन श्रृंखला और वीडियो गेम तैयार करना चाहता है।
एनिमेशन श्रृंखला के बारे में 'डायनामाइट एंटरटेनमेंट' के अध्यक्ष निक बारुकी ने कहा कि वह इस योजना को लेकर बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, "हमें आशा है कि पर्सपेक्टिव के साथ आगे भी काम जारी रहेगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications