कनाडा के शीर्ष व्यापारिक नेता भारत दौरे पर जाएंगे
टोरंटो, 26 मार्च (आईएएनएस)। व्यापार के क्षेत्र में प्रस्तावित महत्वपूर्ण समझौतों पर आगे बढ़ने के लिए कनाडा का एक उच्चस्तरीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल चार दिवसीय दौरे पर 29 मार्च को भारत पहुंचेगा।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पूर्व उपप्रधानमंत्री और वर्तमान में कनाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) के परिषद के सीईओ जॉन मैनले और पूर्व संघीय मंत्री व कनाडा-भारत व्यापार परिषद के अध्यक्ष रॉय मैकलारेन करेंगे। यह व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भारत के निजी क्षेत्र के नेताओं से सीधे मुलाकात करेगा।
दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरूका दौरा करने वाला यह प्रतिनिधिमंडल दोनों देशों के बीच विदेशी निवेश संरक्षण समझौता, समग्र आर्थिक साझेदारी समझौता और नागरिक परमाणु समझौते के लिए आधार तैयार करेगा।
प्रतिनिधिमंडल भारतीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी, वाणिज्य और उद्योग मंत्री आनंद शर्मा के अलावा विभिन्न व्यापारिक संगठनों और निजी कंपनियों से बातचीत करेगा।
प्रस्तावित दौरे के बारे में मैकलारेन ने आईएएनएस से कहा, "हम भारतीय निजी क्षेत्र से भारत सरकार पर दोनों देशों के बीच प्रस्तावित तीनों समझौते पर आगे बढ़ने के लिए दबाव डालने को कहेंगे।"
भारत के मित्र कहलाने वाले मैकलारेन ने कहा, "नवंबर में प्रधानमंत्री स्टीफन हार्पर के भारत दौरे के दौरान दोनों सरकारों ने आर्थिक साझेदारी समझौते के लिए एक संयुक्त अध्यक्ष समूह के गठन का फैसला किया था लेकिन इस पर आगे की कार्रवाई नहीं हुई। हम इस समझौते को जल्द से जल्द पूरा किए जाने के पक्ष में हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications