एटीएस प्रमुख पद से रघुवंशी की छु्ट्टी

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक केपी रघुवंशी को महारष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ता यानी एटीएस के प्रमुख के पद से हटा दिया है और उनकी जगह राकेश मारिया को नया एटीएस प्रमुख नियुक्त किया गया है.
ग़ौरतलब है कि केपी रघुवंशी पर कुछ दिनों पहले महाराष्ट्र में दो संदिग्ध चरमपंथियों की गिरफ़्तारी से संबंधित 'ज़रूरत से अधिक जानकारी' मीडिया में देने का आरोप है.
संदिग्ध चरमपंथियों की गिरफ़्तारी से संबंधित मीडिया में जानकारी देने पर केंद्र सरकार ने रघुवंशी की तीखी आलोचना की थी. इसके बाद राज्य के मुख्यमंत्री ने भी कहा था कि केंद्र को इस बात का एहसास है कि एटीएस के बयान से जांच के काम में परेशानी बढ़ी है.
ऐसा माना जाता है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय की नाराज़गी की वजह से रघुवंशी को उनके से पद से हटाया गया है.
केपी रघुवंशी का स्थानांतरण कर विधि और क़ानून विभाग का अतिरिक्त महानिदेशक बना दिया गया है.
अपराध शाखा के संयुक्त पुलिस आयुक्त राकेश मारिया को एटीएस का नया प्रमुख नियुक्त किया गया है. मारिया शुक्रवार को अपना पद संभाल लेंगे.
उल्लेखनिय है कि राकेश मारिया तब सुर्खियों में आए थे जब मुंबई हमलों के दौरान चरमपंथियों की गोलियों का निशाना बने पुलिस अधिकारी अशोक कामटे की पत्नी विनीता कामटे ने उनपर इल्ज़ाम लगाया था कि उन्होंने उनके पति को कामा अस्पताल भेजने का निर्देश देने से इंकार किया था.
उसके बाद राकेश मारिया ने कहा था कि अगर गृह मंत्रालय उनके ख़िलाफ़ लगाए गए आरोपों पर स्पष्टीकरण नहीं देता तो वे इस्तीफ़ा दे देंगे.
मुंबई हमले में उस समय के एटीएस प्रमुख हेमंत करकरे के मारे जाने के बाद वर्ष 2009 में केपी रघुवंशी को एटीएस प्रमुख बनाया गया था. वे कुछ समय के लिए सीबीआई में भी काम कर चुके हैं.












Click it and Unblock the Notifications