नोबेल के दावेदारों में इंटरनेट भी

नोबेल के दावेदारों में इंटरनेट भी

इस साल के नोबेल शांति पुरस्कार के रिकॉर्ड 237 दावेदारों में इंटरनेट भी शामिल है. इस बार की नामांकन सूची में 199 लोगों के अलावा 38 संस्थान भी शामिल हैं.

सर्वाधिक नामांकनों का इससे पहले का रिकॉर्ड 2009 का था जब शांति पुरस्कार के लिए कुल 205 लोगों या संस्थाओं के नाम आगे बढ़ाए गए थे. पिछले साल का नोबेल शांति पुरस्कार अमरीका के राष्ट्रपति बराक ओबामा को दिया गया था.

नोबेल शांति पुरस्कार के लिए इंटरनेट का नाम तकनीकी विषयक पत्रिका वायर्ड के इतालवी संस्करण ने आगे बढ़ाया है. पत्रिका ने बातचीत, बहस और सहमति संभव करने में इंटरनेट की भूमिका को देखते हुए उसे सम्मानित करने की ज़रूरत बताई है.

इंटरनेट को पुरस्कृत किए जाने की सिफ़ारिश करने वालों में 2003 में शांति पुरस्कार पाने वाली शिरीन इबादी और सौ डॉलर में लैपटॉप की परियोजना के निकोलस नीग्रोपोन्टे शामिल हैं.

अक्तूबर में होगी विजेता की घोषणा

इस बार की आरंभिक सूची में रूसी मानवाधिकार कार्यकर्ता स्वेतलाना गनुश्किना और चीनी कार्यकर्ता लिउ शियाबो के नाम भी हैं.

सूची को नौ मार्च को नॉर्वे की पाँच सदस्यीय नोबेल समिति ने मंज़ूरी दी है.

नोबेल संस्थान वैसे तो नामांकित किए गए लोगों या संस्थानों के नाम सार्वजनिक नहीं करता है, लेकिन नामांकित करने वालों पर ऐसी कोई बंधन नहीं है.

नोबेल संस्थान के निदेशक गैर लुनेस्टा ने कहा, "इस साल के शांति पुरस्कार विजेता की घोषणा 8 अक्तूबर को की जाएगी." उन्होंने कहा कि पुरस्कार की राशि पिछले साल के बराबर ही रहने की उम्मीद है.

उल्लेखनीय कि 2009 में शांति पुरस्कार के विजेता अमरीकी राष्ट्रपति ओबामा को एक करोड़ स्वीडिश क्रोनर की राशि दी गई थी जो कि 14 लाख अमरीकी डॉलर के बराबर है.

अभी ये स्पष्ट नहीं है कि यदि इस साल शांति पुरस्कार के लिए इंटरनेट को चुना गया तो पुरस्कार किसके हाथों में सौपा जाएगा. हालाँकि इंटरनेट को पुरस्कार दिलाने के अभियान में 'इंटरनेट फ़ॉर पीस' नामक एक नवगठित संस्था बढ़-चढ़ कर काम कर रही है.

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+