ओबामा में फिर की परमाणु अप्रसार की हिमायत

परमाणु अप्रसार संधि यानी एनपीटी के 40 वर्ष पूरे होने के मौके पर अपने वक्तव्य में ओबामा ने कहा कि वो व्यापक परमाणु परीक्षण निषेध संधि यानी सीटीबीटी को भी सुनिश्चित कराने की दिशा में अपना प्रयास जारी रखेंगे.
ओबामा ने कहा कि वो एक ऐसी संधि पर भी बातचीत करना चाहते हैं जिसकी मदद से परमाणु हथियारों में इस्तेमाल होने वाले रेडियोधर्मी पदार्थों के उत्पादन को बंद किया जा सके. ग़ौरतलब है कि इससे पहले अमरीका की ओर से यह विचार भी सामने लाया जा चुका है कि वो सेना के पास मौजूद परमाणुक आयुध में कटौती करेगा.
पिछले महीनों में ओबामा सार्वजनिक मंचों पर परमाणु अप्रसार की वकालत करते दिखे हैं और एक ऐसे नेता के तौर पर सामने आते नज़र आए हैं जो परमाणु अप्रसार के बारे में खुलकर बात करता हो.
अमरीकी राष्ट्रपति इसी वर्ष अप्रैल में एक सम्मेलन भी आयोजित करने वाले हैं जहाँ 40 से ज़्यादा देशों के प्रतिनिधियों के साथ यह चर्चा की जाएगी कि किस तरह से दुनिया के बाकी परमाणु संसाधनों को सुरक्षित रखा जाए. आशय स्पष्ट है कि इसमें चर्चा इस बात पर भी हो सकती है कि परमाणु सामग्री की तस्करी और चरमपंथियों के हाथों में इसकी पहुँच रोकने के लिए क्या उपाय किए जाने चाहिए.












Click it and Unblock the Notifications