कुंभ में शाही स्नान से पूर्व सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
नई दिल्ली, 11 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तराखण्ड के धार्मिक शहर हरिद्वार में चल रहे कुंभ मेले में शुक्रवार को महाशिवरात्री के मौके पर होने वाले प्रथम शाही स्नान से पहले सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर लगभग 10,000 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।
हिन्दू परंपराओं के मुताबिक महाशिवरात्री के दिन भगवान शंकर ने देवी पार्वती से शादी की थी।
मेला परिसर के अधिकारी आनंद वर्धन ने आईएएनएस को बताया, "कुंभ मेले में पहले शाही स्नान के दौरान श्रद्धालुओं विशेषकर साधुओं के जनसैलाब के आगमन को देखते हुए हरिद्वार और अन्य क्षेत्रों में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं।"
उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र की सुरक्षा के लिए लगभग 10,000 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है जिसमें कमांडो, प्रांतीय सशस्त्र पुलिस (पीएसी), रैपिड एक्शन फोर्स (आएएफ),खुफिया विभाग और बम निरोधी दस्ते (बीडीएस)के जवान शामिल हैं। कुंभ मेला हरिद्वार, देहरादून, पौड़ी और टिहरी गढवाल जिलों में 130 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है।
पुलिस ने हरिद्वार में बुधवार को उड़ीसा के दो व्यक्तियों को दो फरवरी को हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर विस्फोटक (अमोनियम नाइट्रेट) रखने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
पुलिस महानिदेशक (कुंभ मेला) आलोक शर्मा ने आईएएनएस को बताया, "हमारी कड़ी सुरक्षा जांच के कारण बुधवार को दो युवक गिरफ्तार किए गए।"
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए दोनों युवकों ने स्वीकार किया है कि उन्होंने ही हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर विस्फोटक रखा था। हालांकि दोनों युवकों ने किसी भी आतंकवादी या नक्सली गुट से संबंध होने से इंकार किया। उनका एक साथी अभी फरार चल रहा है। वह मध्य प्रदेश का रहने वाला है।
आलोक वर्मा ने कहा, "हम इस संदर्भ में और जानकारी हासिल करने के लिए उड़ीसा पुलिस के साथ संपर्क बनाए हुए हैं। मामले की जांच चल रही है।"
वहीं आनंद वर्धन ने बताया कि पहले शाही स्नान के दौरान 13 अखाड़ों में से केवल सात अखाड़े स्नान करेंगे। पहले शाही स्नान के दौरान प्रमुख रूप से निरंजनी और महानिर्वाणी अखाड़ा शामिल होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications