छतरपुर में नगर पालिका उपाध्यक्ष की पिटाई
छतरपुर, 11 फरवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में कांग्रेस नेता और नगर पालिका उपाध्यक्ष अशोक मिश्रा की भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने पिटाई कर दी। मिश्रा को गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर अशोक मिश्रा जब अपने दफ्तर में बैठे थे तभी कुछ लोगों ने उनकी पिटाई कर दी। मिश्रा का आरोप है कि मारपीट करने वाले लोग भाजयुमो के कार्यकर्ता थे और उनके साथ संगठन के जिलाध्यक्ष एवं नगर पालिका अध्यक्ष अर्चना सिंह के पति पुष्पेंद्र प्रताप सिंह भी थे। मिश्रा ने बताया कि जब वह उपचार कराने जिला चिकित्सालय पहुंचे तो वहां भी उनकी व उनके साथी अभिषेक खरे और हरी बाबू खरे की पिटाई की गई।
कांग्रेस के पूर्व मंत्री राजा पटैरिया का आरोप है कि बुंदेलखण्ड में भारतीय जनता पार्टी के लोग आतंक का सहारा लेकर दूसरे दलों के प्रतिनिधियों को डराते धमकाते हैं और जब वे उनकी बात नहीं मानते हैं तो मारपीट का सहारा लेते हैं। अशोक मिश्रा के साथ भी ऐसा ही हुआ है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एम. एल. छारी ने बताया, "अशोक मिश्रा की शिकायत आने पर मामला दर्ज करने के बाद पूरे मामले की जांच की जाएगी।"
वहीं पुष्पेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि उन्हें राजनीतिक विद्वेष के चलते फंसाया जा रहा है। पहले उनके अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष जावेद की पिटाई की गई थी, इसलिए अपने बचाव के लिए मिश्रा ने यह साजिश रची है।
बताया जाता है कि नगर पालिका अध्यक्ष ने उपाध्यक्ष के कार्यालय को हटाने का आदेश दिया था। इसी बात को लेकर विवाद पैदा हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications