पाक से वार्ता का फैसला सोचा-समझा कदम : एंटनी (लीड-1)
नई दिल्ली, 11 फरवरी (आईएएनएस)। रक्षा मंत्री ए. के. एंटनी ने गुरुवार को कहा कि यद्यपि पाकिस्तान ने अपनी जमीन से संचालित आतंकवादी ठिकानों को नेस्तनाबूद करने की दिशा में कोई संतोषजनत कदम नहीं उठाया है लेकिन इसके बावजूद भारत ने उसके साथ वार्ता की जो पहल की है, वह सोच-समझकर लिया गया फैसला है।
एशियाई सुरक्षा सम्मेलन के इतर एंटनी ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "पाकिस्तान में जो कुछ हो रहा है, उस पर हमारी पैनी निगाहें हैं। आतंकवाद नियंत्रित करने की दिशा में उसकी ओर से उठाए गए कदमों से हम संतुष्ट नहीं हैं। उसने हालांकि कुछ कार्रवाइयां की हैं। इसलिए हमने सोच-समझकर फैसला किया कि वार्ता आरंभ करना बेहतर है।"
उन्होंने यह भी कहा कि सीमापार कुल 42 आतंकवादी संगठन सक्रिय हैं और पाकिस्तान इन्हें नेस्तनाबूद करने के लिए कोई कदम नहीं उठा रहा है।
एंटनी ने साथ ही यह भी माना कि सीमापार से घुसपैठ के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। हालांकि उन्होंने कहा, "हम यह नहीं कह सकते कि इसके पीछे कौन है।"
उन्होंने कहा, "जम्मू एवं कश्मीर में कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार हुआ है। हिंसा की घटनाओं में कमी आई है। राज्य में असामान्य स्थिति पैदा करने की चाह रखने वाले इससे परेशान होंगे।"
उल्लेखनीय है कि हाल ही में भारत ने पाक से वार्ता की पहल की है। भारत की ओर से सचिव स्तरीय इस वार्ता के लिए 18 या 25 फरवरी की तारीख प्रस्तावित की गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications