राजधानी एक्सप्रेस में 40 किलोग्राम गांजा के साथ दो गिरफ्तार
मुगलसराय राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के चौकी प्रभारी अनिल राय ने संवाददाताओं को बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि भुवनेश्वर से नई दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस में सवार कुछ लोग बड़ी मात्रा में गांजा लेकर जा रहे हैं। जैसे ही रेलगाड़ी मुगलसराय स्टेशन पर पहुंची बी-सात कोच को चारों तरफ से घेरकर उसमें सवार दो तस्करों को 40 किलो गांजा के साथ धर दबोचा गया।
राय के मुताबिक पूछताछ में पता चला कि दोनों तस्कर उड़ीसा के कटक से गांजा लेकर नई दिल्ली जा रहे थे। वे दिल्ली स्थित एक अंतर्राज्यीय गिरोह के लिए काम करते हैं और पिछले दो सालों से वे अलग-अलग रेलगाड़ियों से कटक से नई दिल्ली गांजा ले जाते रहे हैं। उनका गिरोह दिल्ली व आसपास के शहरों के अलावा हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में मादक पदार्थो की तस्करी करता है।
राय ने कहा कि दोनों तस्करों से प्रारंभिक पूछताछ में महत्वपूर्ण जानकारियां हाथ लगी हैं जिन पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक बरामद गांजे की कीमत करीब छह लाख रुपये है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications