राहुल होंगे कांग्रेस के ट्रंप कार्ड : रीता बहुगुणा
नई दिल्ली, 11 फरवरी (आईएएनएस)। कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई की अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी ने कहा है कि पार्टी महासचिव राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश में कांग्रेस में नई जान फूंकी है और आने वाले दिनों में वह पार्टी के ट्रंप कार्ड होंगे।
जोशी ने आईएएनएस को दिए एक साक्षात्कार में कहा, "राहुल कांग्रेस के भविष्य हैं।"
उन्होंने कहा कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में वर्ष 2012 में होने वाले विधानसभा चुनाव को विकास की राजनीति के मुद्दे पर लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी फिलहाल इस साल होने वाले पंचायत चुनावों और अगले साल होने वाले नगरपालिका चुनावों की तैयारी में लगी है।
जोशी ने कहा, "हम तीन स्तरों पंचायत, नगरपालिका और विधानसभा के स्तर पर चुनाव की तैयारियां कर रहे हैं। हमने इसके मद्देनजर उम्मीदवारों की पहचान करने की प्रक्रिया भी आरंभ कर दी है।"
उन्होंने यह स्वीकार किया कि पार्टी का प्रदर्शन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर निर्भर करेगा। दोनों में जादू है। "मैं उनसे आग्रह करूंगी कि वे अधिक से अधिक समय उत्तर प्रदेश में दें। राहुल तो हमारे ट्रंप कार्ड हैं। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को उन्होंने ही पुनर्जीवित किया है।"
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में व्यापक सदस्यता अभियान चलाया है। प्रदेश में कांग्रेस सदस्यों की संख्या 50 लाख से ऊपर हो गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी के संगठनात्मक चुनाव जुलाई महीने तक पूरे किए जाएंगे।
बहरहाल, आवश्यक उपभोग की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर जोशी ने भी चिंता जताई। उन्होंने माना कि इससे पार्टी का चुनावी भविष्य प्रभावित होगा। "हम सब इसे लेकर चिंतित हैं।"
उन्होंने कहा, "इसके लिए सिर्फ केंद्र सरकार को ही जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। उत्तर प्रदेश में मायावती सरकार कीमतों को रोकने में विफल रही हैं।" उन्होंने माया सरकार पर जमाखोरों के खिलाफ कार्रवाई न करने का भी आरोप लगाया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications