श्रीनगर में तनाव, निषेधाज्ञा जारी
श्रीनगर के निशात इलाके में शुक्रवार को गोली लगने से कक्षा 10 के छात्र जाहिद फारुख शेख की मौत हो गई थी। शेख के परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना कि छात्र पर अर्धसैनिक बल के जवानों ने गोली चलाई थी। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "शुक्रवार को शेख को दफनाया नहीं जा सका पोस्टमार्टम हो जाने के बाद उसे दफनाया जाएगा।"
इससे पहले रविवार को पुराने शहर के राजौरी कदल इलाके में आंसू गैस की चपेट में आकर एक स्कूली छात्र की मौत हो गई थी। छात्र की मौत के बाद से पुराने शहर में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने छात्र की मौत मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में नागरिकों की हत्या को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कश्मीर के मंडलीय आयुक्त नसीन लांकर मामले की जांच कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में बनी समिति सात दिनों के भीतर रिपोर्ट पेश करेगी।
पुराने शहर के इलाकों में धारा 144 लागू कर दी गई है। इन शहरों में पिछले दो दिनों से कड़े नियम लागू हैं।
राज्य के अनंतनाग, कुलगाम, शोपियां, गांदेरबल, बारामुला और कुपवाड़ा जिले में बंद की वजह से सामान्य जीवन प्रभावित हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications