'केवल अमेरिकी सामान खरीदें' नियम से कनाडा को छूट
टोरंटो, 6 फरवरी (आईएएनएस)। अर्थव्यवस्था में सुधार के लिए पिछले वर्ष अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के अरबों डॉलर के प्रोत्साहन पैकेज में 'केवल अमेरिकी सामानों को खरीदने' के बाध्यकारी नियम से कनाडा को छूट दी गई है।
अमेरिकी कांग्रेस ने पिछले वर्ष 'अमेरिकन रिकवरी एंड रिइन्वेस्टमेंट' एक्ट पारित किया था। इसके तहत ओबामा प्रशासन को सार्वजनिक निर्माण परियोजनाओं, आधारभूत ढांचा, शिक्षा, स्वास्थ्य और आंतरिक परियोजनाओं पर 787 अरब डॉलर की रकम खर्च करनी है।
परंतु कांग्रेस ने देश के महत्वपूर्ण उद्योगों को प्रतिस्पर्धा से बचाने के लिए इस कानून में 'केवल अमेरिकी सामानों की खरीद' का एक नियम भी शामिल कर दिया। कनाडा, यूरोपीय संघ और आस्ट्रेलिया ने इसे संरक्षणवादी उपाय बताया और इसे हटाने की मांग की।
कनाडा के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मंत्री पीटर वान ल्योन ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका ने 37 राज्यों में लोक निर्माण परियोजनाओं में कनाडा की कंपनियों को बोली लगाने की छूट दी है। कनाडा का 80 प्रतिशत से अधिक अंतर्राष्ट्रीय व्यापार अमेरिका के साथ होता है।
दोनों देशों के बीच वार्षिक व्यापार करीब 600 अरब डॉलर मूल्य का है। जो दुनिया का सबसे बड़ा द्विपक्षीय व्यापार है। प्रतिदिन दोनों देशों की सीमाओं से दो अरब डॉलर मूल्य की वस्तुओं और सेवाओं की आवाजाही होती है तथा 300,000 लोग सीमा पार करते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications