हिमाचल में भारी हिमपात से तापमान में गिरावट
शिमला में मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने आईएएनएस को बताया, " कुल्लू, चांबा, लाहौल और स्पीति जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में शनिवार सुबह भारी हिमपात हुआ।"
कुल्लू जिले के रोहतांग दर्रे (13,050 फीट) और चांबा जिले के पंगी में शनिवार दोपहर भारी बर्फबारी की वजह से दो मीटर तक बर्फ की परत जमी देखी गई।
भारी हिमपात की वजह से 10 दिसंबर से ही रोहतांग दर्रे से लाहौल घाटी जाने वाले रास्ते पर वाहनों की आवाजाही रोक लगी हुई है।
मनमोहन सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश, जम्मू एवं कश्मीर और उत्तराखण्ड के उपर बने पश्चिमी विक्षोभ के कारण इन राज्यों के ऊपरी इलाकों में भारी हिमपात होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने पर्यटकों को पहले ही सात से नौ फरवरी के बीच ऊंचाई वाले इलाकों में जाने से परहेज करने की सलाह दे दी है।
लाहौल स्पीति जिले में केयलांग राज्य का सबसे सर्द स्थान रहा। यहां का न्यूनतम तापमान शून्य से 8.9 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। वहीं किन्नौर जिले के काल्पा में रात का न्यूनतम तापमान शून्य से दो डिग्री कम तथा शिमला में 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications