हफ्ते भर में 442 अंक लुढ़का सेंसेक्स (साप्ताहिक शेयर समीक्षा)
यूरोप के कुछ देशों में कर्जो में वृद्धि और अमेरिका में रोजगार के खराब आंकड़े के चलते बीते सप्ताह वैश्विक बाजारों में गिरावट का रुख रहा, जिसका सीधा असर भारतीय शेयर बाजारों पर भी दिखाई पड़ा।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स शनिवार तक 442.31 अंक यानी 2.7 फीसदी गिरकर 15790.93 पर बंद हुआ, जबकि पिछले सप्ताहांत में यह 16,357.96 अंक पर बंद हुआ था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के निफ्टी में भी सप्ताह भर में 124 अंकों यानी 2.6 फीसदी की गिरावट आई और यह गिरकर 4,757.25 पर बंद हुआ।
इस दौरान बीएसई के मिडकैप सूचकांक में 1.13 फीसदी और स्मालकैप सूचकांक में 0.42 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
दूसरी तरफ बाजार पर निगाह रखने वाली संस्था भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी फंड शुक्रवार तक शुद्ध खरीददार रहे, इस दौरान इन्होंने 13.68 करोड़ डॉलर की शुद्ध खरीददारी की।
सेंसेक्स में फायदे में रहने वाले शेयरों में हीरो होंडा (1.7 फीसदी) और एचडीएफसी (0.2 फीसदी) शामिल रहे।
घाटा उठाने वाले बड़े शेयरों में रैनबैक्सी लैब्स (11.1 फीसदी), एसबीआई (7.7 फीसदी), डीएलएफ (7.5 फीसदी), हिंडाल्को (6.2 फीसदी) और रिलायंस कैपिटल (6.2) रहे।
महंगाई के लगातार बढ़ने का असर निवेशकों पर भी दिखाई पड़ रहा है, जिससे जबरदस्त बिकवाली का रुख बना हुआ है। शनिवार को बाजार बंद होने तक पिछले एक महीने के दौरान सेंसेक्स में 1,785.48 अंकों यानी 10.09 फीसदी और निफ्टी में 524.55 अंकों यानी 11.02 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications