नेपाल ने दक्षेस की जगह चीन को दी तवज्जो?
काठमांडू, 6 फरवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान में 26 और 27 फरवरी को होने वाली दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (दक्षेस) देशों के गृह मंत्रियों की बैठक भले ही नेपाल के अनुरोध पर टाल दी गई हो, लेकिन यहां के विदेश मंत्री का चीन दौरा तय कार्यक्रम के मुताबिक शुरू हुआ।
गृह मंत्री भीम रावल के नेतृत्व में आठ सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल का चीन दौरा शनिवार को शुरू हुआ। यह प्रतिनिधिमंडल बीजिंग और ल्हासा दोनों स्थानों का दौरा करेगा।
रावल के साथ नेपाली पुलिस और देश की खुफिया एजेंसी के प्रमुख भी दौरे पर गए हैं। वहां ये अपने चीनी समकक्ष के साथ चीन-नेपाल सीमा के इलाकों में सुरक्षा सहयोग पर चर्चा करेंगे।
उल्लेखनीय है कि नेपाली गृह मंत्री की असुविधा के कारण इस्लामाबाद में 26 और 27 फरवरी को होने वाली दक्षेस देशों की गृह मंत्रियों की बैठक टाल दी गई।
इस बैठक में भारत के गृह मंत्री पी. चिदंबरम भी हिस्सा लेने वाले थे, जो 2008 में हुए मुंबई हमले के बाद भारत का पहला उच्च आधिकारिक दौरा होता।
पिछले महीने भारत का दौरा करने वाले रावल, चीन के साथ सीमा सुरक्षा के साथ नेपाल में तिब्बतियों के विरोध-प्रदर्शन पर भी चर्चा करेंगे। इसके अलावा नेपाल के रास्ते तिब्बतियों के भारत में पलायन पर भी बातचीत होने की उम्मीद है।
चीन के कहने पर नेपाल ने पहले ही तिब्बत सीमा से लगे अपने 10 उत्तरी जिलों में पुलिस गश्त बढ़ा दी है, जिससे वहां से भाग रहे तिब्बतियों की संख्या में एकाएक कमी आई है।
चीन की सबसे बड़ी चिंता नेपाल के उत्तरी जिले मुस्तांग में चीन विरोधी क्रियाकलापों को लेकर है, जो एक समय तिब्बती खांपा योद्धाओं का गढ़ रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications