योजना के अभाव में बढ़ रही है महंगाई : पोखरियाल
नई दिल्ली, 6 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल ने शनिवार को कहा कि केंद्र सरकार की उपयुक्त योजना केअभाव के कारण खाद्यान्नों की महंगाई बढ़ रही है।
महंगाई रोकने के उपायों पर चर्चा के लिए आयोजित मुख्यमंत्रियों के सम्मेलन में भाग लेने आए पोखरियाल ने संवाददताओं से कहा, "उपयुक्त योजना की कमी और केंद्र सरकार में निश्चय का अभाव होने के कारण महंगाई बढ़ रही है।"
उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थो की उपलब्धता और कमी तथा बाजार में उनकी मांग पर नजर रखने के लिए केंद्र सरकार को एक प्रकोष्ठ का गठन करना चाहिए।
पोखरियाल ने संकेत दिया कि मौजूदा महंगाई कृत्रिम तरीके से पैदा की गई है। उन्होंने कहा कि चीनी को पहले 17 रुपये प्रति किलोग्राम की कीमत पर निर्यात किया गया और बाद में उसे 44 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से आयात किया गया।
उन्होंने कहा, "यदि यह महंगाई स्वाभाविक है तो सभी राज्य सरकारें केंद्र के साथ खड़ी रहेंगी। यदि यह कृत्रिम है तो केंद्र को इससे निपटना होगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications