अमर सिंह को पार्टी ने निकाला : मुलायम

राजा भैया के यहां निमंत्रण पर आए मुलायम काफी सहज दिख रहे थे। पत्रकारों द्वारा पूछे जा रहे सवालों का जवाब उन्होने पूरी निश्चिंतता के साथ दिया। इस पर उनसे एक पत्रकार ने पूछा कि वह इतने सहज कैसे रह लेते हैं। मुलायम ने सवाल के जवाब में कहा कि मैं काफी सालों से राजनीति में हूं। राजनीतिक जीवन उतार-चढ़ावों से भरा होता है। इसलिए मैं मानसिक तौर पर बदलावों के साथ सामंजस्य बिठाने के लिए तैयार रहता हूं। यही वजह है कि हर तरह की परिस्थिति के बीच मैं सहज ही रहता हूं।
स्वास्थ्य पर ध्यान दें अमर
अमर सिंह मुददे से जुड़े सवालों के जवाब में मुलायम बोले "अमर सिंह ने अपनी स्वास्थ्य समस्या के चलते पार्टी छोड़ने का निश्चय किया है। मैं खुद उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हूं और यह उन्हें मेरी नेक सलाह है कि वह अपने स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दें।" अमर सिंह ने पिछले ही साल सिंगापुर जाकर गुर्दा प्रत्यारोपण करवाया था।
पार्टी से अमर सिंह के निष्कासन का जिक्र करते हुए मुलायम सिंह बोले "यह निर्णय मेरा नहीं था। यह निर्णय एक बैठक के दौरान पार्टी के संसदीय दल ने लिया था। वास्तव में आप लोगों ने सिर्फ अमर सिंह के बयानों को प्रकाशित किया। लेकिन जब ये बयान पार्टी के खिलाफ जाने लगे तो मामला पार्टी के संसदीय दल में पहुंचा। उसके बाद संसदीय दल ने उनके निष्कासन का अंतिम निर्णय लिया।"
इसके अलावा राजा भैया के यहां अपने तमाम विधयकों सहित उपस्थित होने पर मुलायम सिंह ने कहा, "यहां मैं राजा भैया के निमंत्रण पर आया हूं और यह मात्र रात्रिभोज का कार्यक्रम हैं, यहां कोई राजनीति नहीं है। यह महज संयोग है कि यहां मेरी पार्टी के कई सांसद और विधायक भी उपस्थित हैं।"












Click it and Unblock the Notifications