एक और युवक की मौत के बाद उबला श्रीनगर (लीड-1)
श्रीनगर, 5 फरवरी (आईएएनएस)। एक पर्यटक स्थल के पास क्रिकेट खेलने के दौरान आ लगी गोली से घायल हुए एक 16 वर्षीय युवक की मौत के बाद शहर में फिर से विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। शहर में अलगाववादियों के बंद के मद्देनजर पहले से कड़ा प्रतिबंध लागू था।
10वीं कक्षा के छात्र जाहिद फारूक की मौत ऐसे समय में हुई है, जब इसके पहले रविवार को राजौरी कादाल इलाके में आंसू गैस का गोला सिर में टकरा जाने से एक स्कूली बच्चे की मौत हो गई थी। शहर उसी दिन से उबल रहा है, और अब शुक्रवार को एक और घटना घट गई।
जाहिद के रिश्तेदारों का आरोप है कि सुरक्षा बलों ने बगैर किसी उकसावे के उस पर उस समय गोली चला दी, जब वह निशात गार्डन के पास खेल रहा था। उसे तत्काल एक अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक फारूक अहमद ने आईएएनएस को बताया कि युवक की मौत के कारण का पता लगाया जा रहा है।
अहमद ने कहा, "हम युवक की मौत के कारण की जांच कर रहे हैं और एक प्राथिमिकी दर्ज कर ली गई है।"
अहमद ने कहा, "देखने से ऐसा लगता है कि मौत पिस्तौल से निकली गोली के लगने से हुई है। हम इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के लिए हर संभावनाओं की जांच कर रहे हैं।"
पुलिस उस खबर की जांच कर रही है, जिसमें कहा गया है कि युवक की मौत पास से गुजर रहे किसी वाहन से चली गोली के लगने से हुई है।
युवक की मौत की खबर फैलने के साथ ही श्रीनगर के विभिन्न हिस्सों में लोग सड़कों पर उतर आए।
सप्ताह के प्रारंभ में एक स्कूली बच्चे की मौत के बाद से कश्मीर घाटी में जारी विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए प्रशासन ने शहर के पुराने इलाकों में पहले से ही कड़ा प्रतिबंध लगा रखा था, जिससे शुक्रवार को आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।
हुर्रियत कांफ्रेंस के उदारवादी धड़े के प्रमुख मीरवाइज उमर फारुक लगातार दूसरे दिन नजरबंद रहे। विरोध प्रदर्शन में भाग लेने से रोकने के लिए दो अन्य उदारवादी अलगाववादी नेताओं शबीर शाह और नईम खान को भी बुधवार को गिरफ्तार किया गया था।
पुराने शहर में कर्फ्यू जैसे प्रतिबंध लगाने के लिए भारी संख्या में पुलिस के जवानों और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की तैनाती की गई।
कश्मीर के बारामूला, बड़गाम, गांदरबल और अनंतनाग में भी दुकानें, बैंक और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। यद्यपि, सड़क पर आवाजाही को लेकर प्रतिबंध नहीं लगाया गया।
पुराने शहर के राजौरी कदाल इलाके में आंसू गैस के गोले से एक बच्चे की मौत के बाद रविवार को प्रदर्शनकारियों ने जमकर पथराव किया था। इसके बाद प्रदर्शनकारी युवकों और सुरक्षाबलों के बीच कई बार झड़पें हुईं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि निजी और सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा के लिए प्रतिबंध लगाया गया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, खनयार, नौहत्ता, एम. आर. गंज, रायनावारी और साफा कदाल थाना क्षेत्रों में प्रतिबंध लगाया गया है।
जम्मू और कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गुरुवार को पुलिस, अर्धसैनिक बल, खुफिया और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कानून और व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की।
पुलिस महानिदेशक कुलदीप खोडा ने कहा कि सुरक्षा बलों को स्थिति से निपटने के लिए संयम बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications