हैदराबाद में इमारत ढहने से 11 की मौत (लीड-3)
पुलिस ने बताया कि बचाव कार्यकर्ताओं ने तीन मंजिली इमारत के मलबे से 11 शव निकाले और चार अन्य घायल लोगों को बाहर निकालने में सफलता हासिल की।
हैदराबाद के पुलिस आयुक्त ए.के. खान ने पत्रकारों से कहा, "मलबे में कुछ और लोगों के फंसे होने की आशंका है।"
बचाव कार्यकर्ताओं ने घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है और उनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
अग्निशमन दल और ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम के कर्मचारी मलबे में फंसे लोगों को निकालने में लगे हुए हैं। पत्थर काटने के लिए गैस कटर का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि इमारत से लगे एक निजी स्कूल के सभी छात्र सुरक्षित हैं। इमारत के ढहने की वजह से स्कूल के कुछ हिस्से को नुकसान पहुंचा है लेकिन पुलिस ने तुरन्त छात्रों को सुरक्षित निकाल लिया।
कुछ समाचार चैनलों ने शुरू में स्कूल की इमारत ढह जाने की रिपोर्ट दी जिससे बहुत से माता-पिता घबराकर स्कूल के पास एकत्रित हो गए।
सरकार ने दुर्घटना के कारणों की पड़ताल के आदेश दे दिए हैं और प्रत्येक मृतक को 200,000 रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है।
श्रममंत्री आर. वेंकट रेड्डी ने पत्रकारों से कहा कि इमारत के मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि हैदराबाद में पिछले मंगलवार को एक कॉरपोरेट अस्पताल में आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई थी और 40 अन्य घायल हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications