पाकिस्तान विस्फोट में 25 की मौत, 80 घायल (लीड-2)
पहला विस्फोट शहर के फैसल राजमार्ग पर हुआ। शिया मुस्लिमों को लेकर जा रही एक बस बम से लदी मोटरसाइकिल से टकरा गई। इस शक्तिशाली विस्फोट में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई जबकि 60 से अधिक घायल हो गए। शिया मुस्लिम धार्मिक समारोह में हिस्सा लेने जा रहे थे।
कराची के पुलिस प्रमुख वसीम अहमद ने कहा कि बम को मोटरसाइकिल पर रखा गया था। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर तक सुनी गई।
अधिकारियों ने बताया कि इस विस्फोट में 20 किलो विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया था। विस्फोट के बाद इलाके को घेर लिया गया है।
घटनास्थल पर मोटरसाइकिल और बस के कल-पुर्जे जहां-तहां बिखरे पड़े थे। बस की सभी खिड़कियां चूर-चूर हो गई थीं। विस्फोट की वजह से आसपास की इमारतें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।
दूसरा विस्फोट जिन्ना स्नातकोत्तर चिकित्सा केंद्र पर हुआ जहां पहले विस्फोट में घायल हुए लोगों को लाया गया था। यहां हुए विस्फोट में 12 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। यहां अस्पताल के के आपातकालीन द्वार पर विस्फोट को अंजाम दिया गया।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि बम को अस्पताल परिसर में खड़ी मोटरसाइकिल पर रखा गया था। विस्फोट में कई एंबुलेंस क्षतिग्रस्त हो गए। जिस वक्त विस्फोट हुआ उस समय अस्पताल के बाहर करीब 200 लोग थे।
राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी, प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने इन विस्फोटों की कड़े शब्दों में निंदा की है।
इससे पहले कराची में 28 दिसंबर को किए गए विस्फोट में शिया संप्रदाय के 40 लोग मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications