लखनऊ में सस्ती चीनी और दाल के लिए खुले 20 खुदरा बिक्री केंद्र
जिला प्रशासन के साथ बैठक के बाद लखनऊ दाल मिलर्स एसोसिएशन ने शहर के अलग-अलग इलाकों हजरतगंज, अलीगंज, इंदिरानगर, चौक, निशातगंज सहित अन्य क्षेत्रों में बिक्री केंद्र खोलकर सस्ते दामों में चीनी और दाल बेंचने का फैसला किया है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष भारत भूषण गुप्ता ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया, "शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में चीनी और अरहर की दाल की बिक्री के लिए बीस खुदरा बिक्री केंद्र खोले गए हैं। इन केंद्रों पर शुक्रवार से चीनी की बिक्री 41 रुपये प्रति किलोग्राम और अरहर की दाल की बिक्री 55 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से शुरू हो गई।"
गुप्ता ने कहा कि बाजार में फुटकर में चीनी 48 से 50 रुपये प्रति किलोग्राम है जबिक अरहर की दाल 90 से 95 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिक रही है, जो आम आदमी की पहुंच से बाहर है। इन केंद्रो पर कोई भी व्यक्ति बिना किसी राशन कार्ड के दो किलोग्राम दाल व दो किलोग्राम चीनी एक बार में ले सकता है।
उधर, खुदरा बिक्री केंद्रों पर सस्ती चीनी और अरहर की दाल खरीदने के लिए लोगों की भारी भीड़ देखी जा रही है। फिलहाल इन केंद्रों की कोई समय सीमा तय नहीं की गई है।
एसोसिएशन के महामंत्री लवकुश शुक्ला ने कहा, "फिलहाल लगभग एक महीने तक खुदरा वितरण केंद्र चलाए जाएंगे। उसके बाद प्रशासन ने हमसे सहयोग मांगा तो हम इनकी अवधि और बढाएंगे।"
एसोसिएशन के अधिकारियों के मुताबिक लखनऊ में प्रतिदिन करीब 300 क्विंटल से अधिक चीनी और करीब 100 क्विंटल से अधिक अरहर दाल की खपत होती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications