रेलवे की जमीन पर खुलेंगे 480 स्वास्थ्य केंद्र
नई दिल्ली में स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद ने संवाददाताओं को बताया, " स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के लिए स्वास्थ्य और रेल मंत्रालय द्वारा लिया गया यह एक ऐतिहासिक फैसला है।"
केंद्रीय रेलमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, " रेलवे कर्मचारियों, यात्रियों और रेलवे लाइन के आस-पास रहने वाले आम लोगों को इन सुविधाओं का लाभ मिलेगा।"
उन्होंने कहा कि यह फैसला स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ एक महीने तक चली चर्चा के बाद लिया गया है। ममता बनर्जी ने पिछड़े इलाकों में रह रहे लोगों को स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने में तेजी लाने के लिए दोनों मंत्रालयों से आग्रह किया।
दोनों मंत्रालयों ने मिलकर रेलवे पटरियों के आस-पास 351 डायग्नोस्टिक सेंटर, 88 द्वितीय श्रेणी की चिकित्सा इकाइयां, 100 से अधिक बिस्तरों वाले अस्पतालों और 41 बहु चिकित्सा सुविधाएं खोलने के लिए भूमि को चिन्हित कर लिया है।
गुलाम नबी आजाद ने बताया कि इस समझौते के तहत स्वास्थ्य मंत्रालय सर्वप्रथम देश के बड़े रेलवे स्टेशनों पर डायग्नोस्टिक केंद्रो को स्थापित करने का काम शुरू करेगा।
समझौते पर हस्ताक्षर करने के बाद रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एस.एस.खुराना ने आईएएनएस को बताया, "डायग्नोस्टिक केंद्रो को खोलने में एक करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications