अमेरिका में आमंत्रण से खुश हैं इरफान
पटना, 5 फरवरी (आईएएनएस)। पटना के एक गैर सरकारी संगठन 'सम्मान फाउंडेशन' के अध्यक्ष इरफान आलम अमेरिका में आयोजित होने वाले 'उद्यमिता पर सम्मेलन' में भाग लेने का न्यौता मिलने के बेहद खुश हैं।
वाशिंगटन में आयेाजित होने वाले इस सम्मेलन में विश्व के करीब 80-90 उद्यमी भाग लेंगे। अमेरिकी राजदूत टिमोथी ज़े रोमर से शुक्रवार को इस सम्मेलन में भाग लेने का न्यौता मिलने के बाद इरफान ने पटना में पत्रकारों को बताया कि यह मेरे लिए ही नहीं बल्कि पूरे बिहार के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि तीन-चार वर्ष पहले कुछ मित्रों के साथ मिलकर प्रारंभ किए गए इस कार्य को आज पूरी दुनिया सराह रही है। उनका मानना है कि उन्हें इस सम्मेलन में भाग लेने का बुलावा केवल इसलिए आया है क्योंकि उन्होंने उद्यमिता का प्रयोग समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के बीच किया।
ज्ञात हो कि बिहार के बेगूसराय जिले के इरफान ने एक ऐसा रिक्शा बनाया जिसे चलाना ही सुविधाजनक नहीं है बल्कि इस पर सफर करना भी काफी सुविधाजनक है।
इरफान ने बताया, " कॉलेज तक की पढ़ाई बेगूसराय में ही हुई। इसके बाद भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) अहमदाबाद से मैनेजमेंट डेवलपमेंट प्रोग्राम का कोर्स किया। वर्ष 2006 में सम्मान फाउंडेशन के बैनर तले पटना की सड़कों पर रिक्शा परिवहन का व्यवसाय प्रारंभ किया तो लोगों की आलोचना का शिकार भी होना पड़ा।"
इरफान ने बताया कि मिनरल वाटर, मोबाइल कूपन, और अखबार से लैस बनाया गया रिक्शा परिवहन का व्यवसाय मॉडल बन गया है। यह रिक्शा आज कई नगरों में चल रहा है।
गौरतलब है कि इरफान को पूर्व में जी टीवी से बिजनेस बाजीगर एवार्ड तथा विश्व बैंक से इनोवेशन अवार्ड भी मिल चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications