भारत के पहले सेना संगीत समारोह में हिस्सा लेंगे पांच देश
सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, "इस समारोह को दिल्ली छावनी के परेड मैदान, पुराना किला और इंडिया गेट में आयोजित किया जाएगा।"
सेना अधिकारी ने बताया कि फ्रांस, ब्रिटेन, नेपाल, बांग्लादेश, श्रीलंका, थाईलैंड और कजाकिस्तान को निमंत्रण भेजा गया था, जिसमें थाईलैंड और कजाकिस्तान हिस्सा नहीं ले रहे हैं, जबकि पाकिस्तान को नहीं बुलाया गया था।
समारोह में सेना के तीनों अंगों के बैंड शामिल होंगे। प्रत्येक टुकड़ी में 50 लोग हो सकते हैं। विदेशी सेना के बैंड 25 फरवरी को नई दिल्ली आएंगे।
अधिकारी के अनुसार, राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल 28 फरवरी को समारोह में आएंगी जबकि, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की उपस्थिति की पुष्टि का अभी इंतजार है।
अति विशिष्ट लोगों के अलावा आम लोग भी इंडिया गेट पर इस समारोह का आनंद उठा सकेंगे।
इससे पहले भारतीय सेना के बैंड कई अंतर्राष्ट्रीय आयोजनों में हिस्सा ले चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications