अमर को स्वास्थ्य पर ध्यान देना चाहिए : मुलायम
मुलायम सिंह ने गुरुवार की रात यहां एक कार्यक्रम में पत्रकारों से कहा, "अमर सिंह ने अपने स्वास्थ्य की समस्या के कारण पार्टी छोड़ने का निश्चय किया। मैं खुद उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हूं और यह उन्हें मेरी नेक सलाह है कि वह अपने स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दें।"
ज्ञात हो कि अमर सिंह ने पिछले वर्ष सिंगापुर जाकर गुर्दा प्रत्यारोपण करवाया था।
पार्टी से अमर सिंह के निष्कासन का जिक्र करते हुए मुलायम सिंह ने कहा, "यह निर्णय मेरा नहीं था। यह निर्णय एक बैठक के दौरान पार्टी के संसदीय दल ने लिया था। वास्तव में आप लोगों ने सिर्फ अमर सिंह के बयानों को प्रकाशित किया। लेकिन जब ये बयान पार्टी के खिलाफ जाने लगे तो मामला पार्टी के संसदीय दल में पहुंचा। उसके बाद संसदीय दल ने उनके निष्कासन का अंतिम निर्णय लिया।"
एक पत्रकार द्वारा यह पूछे जाने पर कि वह इतना सहज कैसे दिखते हैं, इस पर सिंह ने कहा, "राजनीति में हमेश ऊपर-नीचे होता रहता है। मैं राजनीति में होने वाले बदलावों को अपनाने में विश्वास रखता हूं। इसलिए मैं सहज महसूस करता हूं।"
मुलायम सिंह निर्दलीय विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया द्वारा आयोजित एक रात्रि भोज में मौजूद थे जहां कुछ पत्रकार भी उपस्थित थे।
मुलायम सिंह ने कहा, "यहां मैं राजा भैया के निमंत्रण पर आया हूं और यह मात्र रात्रिभोज का कार्यक्रम हैं, यहां कोई राजनीति नहीं है।"
मुलायम सिंह ने कहा, "यह महज संयोग है कि यहां मेरी पार्टी के कई सांसद और विधायक भी उपस्थित हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications