सुरजीत दत्ता त्रिपुरा की प्रदेश कांग्रेस इकाई के नए अध्यक्ष
अगरतला, 5 फरवरी (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेसी विधायक सुरजीत दत्ता को त्रिपुरा की प्रदेश कांग्रेस इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है।
इकसठ वर्षीय दत्ता पूर्व मुख्यमंत्री समीर रंजन बर्मन का स्थान लेंगे।
कांग्रेस प्रवक्ता तपस डे ने यहां शुक्रवार को पत्रकारों को बताया, "गुरुवार को मिले अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव जर्नादन द्विवेदी द्वारा हस्ताक्षरित पत्र में इस बात की पुष्टि की गई कि सोनिया गांधी ने पांच बार विधायक रहे दत्ता को त्रिपुरा प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया है।"
उन्होंने ने कहा ,"त्रिपुरा में सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा)के नेतृत्व वाले मोर्चे के खिलाफ पार्टी को मजबूत बनाने के लिए सोनिया गांधी ने दत्ता को पार्टी का नया नेता नियुक्त किया।"
दत्ता ने कहा कि उनकी सबसे प्रमुख प्राथमिकता बिल्कुल निचले स्तर से कांग्रेस में सुधार करना और उसे मजबूत बनाना है।
पिछले माह कुल 10 कांग्रेसी विधायकों में से रतन लाल नाथ सहित सात विधायकों ने पार्टी अध्यक्ष से बर्मन को अध्यक्ष पद से हटाने को कहा था। बर्मन पर पार्टी के संगठनात्मक चुनाव में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं बरतने का आरोप लगाया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications