मौत के 62 वर्ष बाद भी प्रासंगिक हैं महात्मा गांधी के विचार
शनिवार को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि देने आने वाले अति विशिष्ट जनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षाकर्मियों के राजघाट को बंद करने से कई लोगों को निराश होना पड़ा।
बोस्टन की एक फिजीशियन मीना सुंदरम ने आईएएनएस से कहा, "गांधीजी महान व्यक्ति थे और पूरी दुनिया में उनका सम्मान है। हमारा बेटा अनीश उन पर एक प्रोजेक्ट तैयार कर रहा है। हम यहां विशेष रूप से इसलिए आए थे कि वह राजघाट को देख सके।"
अधिकारियों के अनुसार प्रतिदिन करीब 10,000 लोग राजघाट पहुंचते हैं और सप्ताहांत में उनकी संख्या 20,000 होती है।
आस्ट्रेलिया से अपने पति और बेटे सुधीर के साथ राजघाट आई एक अन्य प्रवासी पर्यटक बानू रासकुट्टी ने कहा, "दिल्ली में राजघाट मेरा सबसे पंसदीदा स्थान है। जब भी मैं यहां आती हूं मुझे बहुत शांति महसूस होती है।"
जर्मनी के एक अध्यापक एपलेट सेगबर्ट 28 लोगों के समूह के साथ भारत दौरे पर आए हैं। उन्होंने कहा कि भारत का इतिहास उनके लिए हमेश रुचिकर रहा है।
सेगबर्ट ने कहा, "मैंने गांधीजी के विचारों और दर्शन का अध्ययन किया। मैं यहां आना चाहता था।"
अपनी पत्नी के साथ राजघाट पहुंचे दिल्लीवासी महेश सोनी ने कहा, "हर कोई माल्स, बाजार या पार्को में जाता है लेकिन गांधीजी जैसे महान नेताओं को सम्मान देने के लिए भी समय निकालना चाहिए। लोगों को यहां आकर उनका सम्मान करना चाहिए। मैं जब भी यहां आता हूं बहुत अच्छा महसूस करता हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications