हेती में तत्काल टेंट की आवश्कता
हेती के राष्ट्रपति रेने प्रेवाल ने भूकंप से प्रभावित 10 लाख लोगों के लिए तत्काल टेंट उपलब्ध कराने की अपील की है.
राष्ट्रपति प्रेवाल ने कहा कि मई में बारिश का मौसम शुरू होने से पहले दो लाख टेंट की ज़रूरत है.
दूसरी ओर कनाडा के प्रधानमंत्री स्टीफ़ेन हार्पर ने कहा है कि हेती में पुनर्निर्माण कार्य पूरे होने में कम से कम दस वर्ष लगेंगे.
स्टीफेन हार्पर भूकंप से तबाह हुए हेती के पुनर्निर्माण के लिए मॉन्ट्रियल में एक बैठक का आयोजन कर रहे हैं.
उन्होंने कहा,''मुख्य बात है लंबे समय तक चलने वाली योजनाएं. हमें हेती में वही करना चाहिए जो लंबे समय तक टिकाऊ रह सकें. इस बात में कोई अतिशयोक्ति नहीं है कि हेती में पूरी दुनिया को कम से कम दस वर्ष तक कड़ा परिश्रम करना पड़ेगा.''
कनाडा के प्रधानमंत्री स्टीफ़ेन हार्पर का कहना था,''हमें प्रभावी उपायों पर केंद्रित रहना होगा. हेती के लोगों को इसकी ज़रूरत है और हमारे अपने करदाता यही उम्मीद करते हैं.''
' डेढ़ लाख की मौत'
इधर हेती की सरकार ने कहा है कि पिछले दिनों आए भूकंप के बाद अकेले राजधानी पोर्ट-ओ-प्रिंस से डेढ़ लाख से ज़्यादा शव निकाले जा चुके हैं.
हेती की संचार मंत्री मेरी लॉरेंस जोकेलिन लासेग ने कहा कि ये आँकड़ा राजधानी और इसके आसपास के इलाक़ों में इकट्ठा किए गए और दफ़नाए गए शवों की संख्या पर आधारित है.
उन्होंने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि अभी किसी को ये पता नहीं कि देशभर में कितने और शव मलबों के अंदर दबे हुए हैं.
बारह दिन पहले आए विनाशकारी भूकंप में बचे लोगों की तलाश अब आधिकारिक रूप से बंद कर दी गई है और अब ध्यान सहायता कार्यों पर है.
शनिवार को 24 वर्षीय एक युवक को एक होटल के मलबे से ज़िंदा निकाला गया था. बचावकर्मी इसे चमत्कार बता रहे हैं.
रविवार को राजधानी पोर्ट-ओ-प्रिंस में खुले आसमान के नीचे एक प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी गई.












Click it and Unblock the Notifications