ग़रीबों के लिए अतिरिक्त अनाज

भारत सरकार ने ग़रीब परिवारों को आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती क़ीमतों से राहत देने के लिए जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत चावल और गेंहूं का मासिक आवंटन बढ़ाने की घोषणा की है.
सरकार ने अगले दो महीनों तक प्रत्येक ग़रीब परिवारों को 10 किलो अतिरिक्त चावल और गेहूं देने का फ़ैसला किया है.
यह फ़ैसला गुरुवार को मूल्य मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में किया है.
सरकारी बयान में ताज़ा फ़ैसले के बारे में बताया गया, "अस्थाई तौर पर प्रत्येक ग़रीब परिवारों को जनवरी और फ़रवरी महीने में मौजूदा आवंटन के अलावा 10 किलो गेहूं और चावल दिया जाएगा. ये अनाज उन ग़रीब परिवारों को ही दिया जाएगा जिनके पास वैध कार्ड है."
कीमतों की समीक्षा
सरकार फ़िलहाल ग़रीब परिवारों को 35 किलो गेहूं और चावल पीडीएस के तहत मुहैया कराती है.
सरकारी फ़ैसले में कहा गया है कि चावल का अधिकत्म मूल्य प्रति किलो 15 रुपए 37 पैसे, जबकि गेहूं का अधिकतम मूल्य प्रति किलो 10 रुपए 80 पैसे होगा.
हालाँकि अंत्योदय अन्न योजना के अंतगर्त आने वाले परिवारों को चावल तीन रुपए प्रति किलो और गेहूं दो रुपए प्रति किलो दिए जाएंगे.
इस आवंटन का फ़ायदा ग़रीबी रेखा से नीचे जीवन व्यतीत कर रहे परिवारों को भी मिलेगा.
कैबिनेट समिति ने इस बैठक में आवश्यक वस्तुओं सहित दाल, चीनी, आलू और प्याज़ की क़ीमतों की भी समीक्षा की.












Click it and Unblock the Notifications