बोत्सवाना को दो करोड़ डॉलर का कर्ज देगा भारत
तीन अफ्रीकी देशों के दौरे के अंतिम चरण में शनिवार को गैबोरोन पहुंचने वाले भारतीय उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने बोत्सवाना की सामाजिक परियोजनाओं के लिए आर्थिक मदद की घोषणा से पहले वहां के उपराष्ट्रपति मोम्फाती मेराफे से वार्ता की।
विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) विवेक काटजू ने संवाददाताओं को बताया कि उपराष्ट्रपति ने बोत्सवाना में हीरा खनन में रुचि का संकेत दिया लेकिन यह मामला दोनों नेताओं की वार्ता में नहीं उठा। राजकीय भोज के अवसर अपने भाषण में अंसारी ने कहा कि भारत कृषि, दवाओं, छोटे और मध्यम उद्यमों, सूचना प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और हीरा उद्योग में हासिल अत्याधुनिक तकनीक में बोत्सवाना को साझेदार बनाने को तैयार है।
मंगलवार को तीन देशों के दौरे पर रवाना होने से पहले उपराष्ट्रपति ने नई दिल्ली में संवाददाताओं से कहा था कि "बोत्सवाना दुनिया का पहला या दूसरा बड़ा हीरा उत्पादक है और गुजरात में हमारे पास हीरा तराशने का बड़ा उद्योग है।"
बोत्सवाना का क्षेत्रफल 582,000 वर्ग किलोमीटर और जनसंख्या 18 लाख है। बहुदलीय लोकतांत्रिक व्यवस्था के कारण बोत्सवाना को अफ्रीका का अनुशासित राज्य माना जाता है। उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी की बोत्सवाना यात्रा से पहले वर्ष 1986 में उपराष्ट्रपति आर.वेंकटरमण ने वहां का दौरा किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।













Click it and Unblock the Notifications