उत्तर प्रदेश में शीतलहर से 21 और मौतें
लखनऊ स्थित राहत आयुक्त कार्यालय के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि सोमवार को शीतलहर से राज्य में कम से कम 21 लोगों की मौत हुई। इन ताजा मौतों में सबसे ज्यादा चार-चार मौतें बाराबंकी और बलरामपुर जिलों में हुईं। शाहजहांपुर, बलिया, बहराइच, वाराणसी और जौनपुर जिलों में भी सर्दी से लोगों की जानें गईं।
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों में सबसे कम 5.6 डिग्री सेल्सियस तापमान फतेहपुर में रिकार्ड किया गया। लखनऊ का न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस था।
मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता ने मंगलवार को लखनऊ में संवाददाताओं को बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के कारण वहां से आने वाली हवाएं यहां ठिठुरन बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि कड़ाके की सर्दी का यह दौर आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा।
कोहरे के कारण रेल और हवाई यातायात प्रभावित हुआ। नई दिल्ली और मुंबई से लखनऊ आने वाली और यहां से दिल्ली-मुंबई जाने वाली सभी उड़ानों में विलंब हो रहा है। यही हाल रेलगाड़ियों का भी है। लखनऊ आने वाली और लखनऊ से होकर बिहार और पश्चिम बंगाल की तरफ जाने वाली सभी रेलगाड़ियां चार से 12 घंटे विलंब से चल रही हैं।
सर्दी के कारण राज्य में कक्षा आठ तक के सभी विद्यालयों को नौ जनवरी तक बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications